जी एंटरटेनमेंट पर दिखेगा फीफा वर्ल्ड कप: जी5 और यूनाइट 8 स्पोर्ट्स पर होगी मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग, 2034 तक के सभी बड़े टूर्नामेंट्स के राइट्स किए हासिल

54 मिनट पहले
जी5 और  यूनाइट 8 स्पोर्ट्स पर होगी मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग, 2034 तक के सभी बड़े टूर्नामेंट्स के राइट्स किए हासिल

भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने फीफा के कई प्रमुख वैश्विक टूर्नामेंट्स के मीडिया अधिकार हासिल कर लिए हैं। इसके तहत भारत में फीफा वर्ल्ड कप 2026 का सीधा प्रसारण कंपनी के नए स्पोर्ट्स चैनल ‘यूनाइट 8 स्पोर्ट्स’ और ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर किया जाएगा। इस समझौते के साथ ही जी एंटरटेनमेंट ने इंटरनेशनल खेल प्रसारण के क्षेत्र में अपनी मजबूत वापसी दर्ज कराई है।

फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 11 जून से 19 जुलाई तक अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में होगा। यह टूर्नामेंट कई मायनों में ऐतिहासिक रहने वाला है। पहली बार इसमें 48 टीमें हिस्सा लेंगी। कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे। दुनिया भर के करोड़ों फुटबॉल प्रशंसकों की नजरें इस महाकुंभ पर टिकी होंगी। वहीं भारतीय दर्शक भी अब आसानी से इसका आनंद ले सकेंगे।

फीफा के कई बड़े टूर्नामेंट्स का मिलेगा प्रसारण अधिकार

जी एंटरटेनमेंट ने केवल फीफा वर्ल्ड कप 2026 ही नहीं, बल्कि 2030 फीफा पुरुष विश्व कप, 2027 फीफा महिला विश्व कप और वर्ष 2034 तक आयोजित होने वाले कई अन्य प्रमुख फीफा आयोजनों के प्रसारण अधिकार भी हासिल किए हैं। इसमें अंडर-17 विश्व कप, महिला अंडर-17 विश्व कप, अंडर-20 विश्व कप, महिला अंडर-20 विश्व कप, फुटसाल विश्व कप, महिला फुटसाल विश्व कप और इंटरकॉन्टिनेंटल कप जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। इसके अतिरिक्त फीफा से जुड़े विशेष डॉक्यूमेंट्री और फीचर कंटेंट भी भारतीय दर्शकों को उपलब्ध कराए जाएंगे।

टाइम जोन बना था बड़ी चुनौती

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के प्रसारण अधिकारों को लेकर लंबे समय तक अनिश्चितता बनी रही थी। इसकी प्रमुख वजह अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको का टाइम जोन था। अधिकांश मुकाबले भारतीय समयानुसार देर रात या तड़के प्रसारित होंगे। जिससे व्यूअरशिप को लेकर प्रसारकों के बीच आशंका बनी हुई थी। इसी कारण कई बड़े ब्रॉडकास्टर्स ने अधिकार खरीदने में सीमित रुचि दिखाई। हालांकि जी एंटरटेनमेंट ने इस अवसर को रणनीतिक निवेश के रूप में देखा और अधिकार हासिल करने में सफलता प्राप्त की।

जियोस्टार और फीफा के बीच नहीं बनी सहमति

रिपोर्ट्स के अनुसार फीफा और जियोस्टार के बीच प्रसारण अधिकारों की कीमत को लेकर सहमति नहीं बन सकी थी। बताया जाता है कि फीफा भारतीय बाजार के लिए प्रसारण अधिकारों के बदले लगभग 100 मिलियन डॉलर की मांग कर रहा था। जियोस्टार ने इसकी बाजार कीमत काफी कम आंकी थी। बातचीत विफल होने के बाद जी एंटरटेनमेंट ने इस क्षेत्र में प्रवेश करते हुए समझौते को अंतिम रूप दिया।

स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टिंग में जी की वापसी

करीब आठ वर्षों के अंतराल के बाद जी एंटरटेनमेंट ने खेल प्रसारण क्षेत्र में फिर से मजबूत कदम रखा है। कंपनी ने खेल प्रेमियों के लिए ‘यूनाइट 8 स्पोर्ट्स 1’, ‘यूनाइट 8 स्पोर्ट्स 1 HD’, ‘यूनाइट 8 स्पोर्ट्स 2’ और ‘यूनाइट 8 स्पोर्ट्स 2 HD’ जैसे नए चैनल लॉन्च किए हैं। इन चैनलों पर फुटबॉल के अलावा क्रिकेट, कबड्डी, बैडमिंटन, रेसलिंग और अन्य कॉम्बैट स्पोर्ट्स का भी प्रसारण किया जाएगा। फीफा विश्व कप के प्रसारण अधिकार मिलने के बाद जी एंटरटेनमेंट का स्पोर्ट्स पोर्टफोलियो और अधिक मजबूत हो गया है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह समझौता भारतीय खेल प्रसारण बाजार में प्रतिस्पर्धा को नई दिशा देगा। फुटबॉल को देश में और अधिक लोकप्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।