एम्बापे के डबल स्ट्राइक से फ्रांस की विजयी शुरुआत: सेनेगल को 3-1 से चटाई धूल, एम्बापे बने फ्रांस के टॉप गोल स्कोरर

1 घंटा पहले
सेनेगल को 3-1 से चटाई धूल, एम्बापे बने फ्रांस के टॉप गोल स्कोरर

फीफा वर्ल्ड कप में फ्रांस ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए सेनेगल को 3-1 से पराजित कर ग्रुप-I में महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। न्यू जर्सी में खेले गए इस मुकाबले में स्टार फॉरवर्ड किलियन एम्बापे ने दो गोल दागकर न सिर्फ टीम की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई। साथ ही कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए। एम्बापे के अलावा ब्रेडली बारकोला ने भी एक गोल किया। वहीं सेनेगल की ओर से एकमात्र गोल युवा खिलाड़ी इब्राहिम म्बाए ने किया। दूसरे हाफ में फ्रांस ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा और अंततः 3-1 से जीत हासिल की।

मुकाबले का पहला हाफ बेहद रोमांचक रहा। लेकिन दोनों टीमों में से कोई भी गोल करने में सफल नहीं हो सकी। सेनेगल ने मजबूत रक्षात्मक खेल दिखाते हुए फ्रांस को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। हालांकि दूसरे हाफ की शुरुआत के साथ ही फ्रांस ने अपनी रणनीति में बदलाव किया और आक्रमण तेज कर दिया। मैच के निर्णायक क्षण में किलियन एम्बापे ने गोल कर फ्रांस को बढ़त दिलाई। इसके कुछ देर बाद ब्रेडली बारकोला ने शानदार फिनिश के साथ स्कोर 2-0 कर दिया। सेनेगल ने हार नहीं मानी और 18 वर्षीय इब्राहिम म्बाए ने गोल कर टीम को मुकाबले में वापस लाने की कोशिश की। लेकिन इंजरी टाइम में एम्बापे के दूसरे गोल ने फ्रांस की जीत पर मुहर लगा दी।

एम्बापे ने रचा इतिहास

इस मुकाबले में दो गोल करने के साथ ही किलियन एम्बापे ने वर्ल्ड कप में अपने गोलों की संख्या 14 तक पहुंचा दी। इसके साथ ही उन्होंने जर्मनी के महान स्ट्राइकर गर्ड मुलर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अब वह वर्ल्ड कप इतिहास में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी मिरोस्लाव क्लोस के 16 गोल के रिकॉर्ड से सिर्फ दो गोल पीछे हैं। इतना ही नहीं, एम्बापे फ्रांस के लिए इंटरनेशनल फुटबॉल में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में पूर्व दिग्गज स्ट्राइकर ओलिवियर गिरूड को पीछे छोड़ दिया।

VAR विवाद और सेनेगल की चूकी हुई उम्मीदें

मैच के दौरान पेनल्टी को लेकर भी एक बड़ा विवाद देखने को मिला। दूसरे हाफ में फ्रांस ने पेनल्टी की जोरदार अपील की। इसके बाद मामला वीडियो असिस्टेंट रेफरी तक पहुंचा। हालांकि रीप्ले देखने के बाद भी रेफरी ने अपना फैसला नहीं बदला। फ्रांस को पेनल्टी नहीं मिली। इसके बावजूद फ्रांसीसी टीम ने अपना दबाव बनाए रखा। कुछ ही मिनट बाद एम्बापे ने गोल कर बढ़त दिला दी। पहले हाफ में सेनेगल के पास बढ़त हासिल करने का सुनहरा अवसर था। लेकिन इस्माइला सार नजदीक से मिले मौके को भुना नहीं सके। उनका शॉट क्रॉसबार के ऊपर निकल गया। यही चूक बाद में टीम पर भारी पड़ गई।

2002 की हार का हिसाब हुआ बराबर

फ्रांस के लिए यह जीत ऐतिहासिक महत्व भी रखती है। वर्ष 2002 के वर्ल्ड कप के उद्घाटन मुकाबले में सेनेगल ने फ्रांस को 1-0 से हराकर बड़ा उलटफेर किया था। उस हार के बाद फ्रांस टूर्नामेंट के ग्रुप चरण से ही बाहर हो गया था। लगभग ढाई दशक बाद फ्रांस ने उसी प्रतिद्वंद्वी को हराकर उस हार का हिसाब बराबर कर लिया। जीत के साथ फ्रांस ने टूर्नामेंट में अपने इरादे भी स्पष्ट कर दिए हैं। टीम एक बार फिर खिताब की प्रबल दावेदार नजर आ रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।