क्वालिफायर-2 में आज जीटी और आरआर की टक्कर: ऑरेंज कैप होल्डर वैभव पर टिकी नजरें, 2022 में जीटी ने फाइनल में दी थी मात

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का रोमांच अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। शुक्रवार को खेले जाने वाले क्वालिफायर-2 मुकाबले में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स की टीमें आमने-सामने होंगी। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले की विजेता टीम सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी। हारने वाली टीम का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो जाएगा। ऐसे में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।
इस मुकाबले में सबसे ज्यादा नजरें राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर टिकी होंगी। महज 15 साल की उम्र में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी है। वैभव ने एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 97 रन की तूफानी पारी खेली थी। उनकी इस पारी में 12 छक्के शामिल थे। जिसने राजस्थान को बड़ी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। अब सवाल यही है कि क्या वैभव गुजरात जैसी मजबूत टीम के खिलाफ भी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रख पाएंगे।
गुजरात की गेंदबाजी बनेगी सबसे बड़ी चुनौती
राजस्थान के सामने सबसे बड़ी चुनौती गुजरात टाइटंस की मजबूत गेंदबाजी आक्रमण होगी। इस सीजन गुजरात के गेंदबाज लगातार प्रभावी प्रदर्शन करते आए हैं। टीम के पास कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, राशिद खान, प्रसिद्ध कृष्णा और जेसन होल्डर जैसे अनुभवी गेंदबाज मौजूद हैं, जो किसी भी बल्लेबाजी क्रम को दबाव में ला सकते हैं। पिछली भिड़ंत में मोहम्मद सिराज ने वैभव सूर्यवंशी को शॉर्ट गेंद पर आउट किया था। हालांकि उसी मैच में युवा बल्लेबाज ने रबाडा के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंदों पर 36 रन भी बनाए थे। आंकड़ों की बात करें तो वैभव ने गुजरात के खिलाफ तीन मुकाबलों में 233 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 168 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से अब तक 15 चौके और 15 छक्के निकल चुके हैं।
शानदार फॉर्म में हैं वैभव
वैभव सूर्यवंशी मौजूदा समय में बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। पिछली पांच पारियों में वह केवल एक बार सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट हुए हैं। बाकी चार मुकाबलों में उन्होंने दो अर्धशतक लगाए और करीब 251 की स्ट्राइक रेट से 276 रन बनाए हैं। दूसरी ओर गुजरात के पांच गेंदबाज इस सीजन में 15 या उससे अधिक विकेट हासिल कर चुके हैं। जिससे यह मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।
राजस्थान की उम्मीदें आर्चर और वैभव पर टिकीं
राजस्थान रॉयल्स इस समय काफी हद तक वैभव सूर्यवंशी और तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर पर निर्भर नजर आ रही है। आर्चर ने एलिमिनेटर मुकाबले में अपनी रफ्तार और सटीक लाइन लेंथ से हैदराबाद के टॉप ऑर्डर को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया था। मौजूदा सीजन में वैभव 680 रन के साथ टीम के सबसे सफल बल्लेबाज हैं। वहीं आर्चर 24 विकेट लेकर शीर्ष विकेट टेकर बने हुए हैं। कप्तान रियान पराग ने भी स्वीकार किया है कि टीम को डेथ ओवरों की बल्लेबाजी में सुधार की जरूरत है। यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल जैसे खिलाड़ी भी राजस्थान की बल्लेबाजी को मजबूती दे रहे हैं।
गुजरात की बल्लेबाजी भी दमदार
गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी का दारोमदार कप्तान शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर पर रहेगा। साई सुदर्शन इस सीजन 652 रन बनाकर ऑरेंज कैप की दौड़ में बने हुए हैं। हालांकि क्वालिफायर-1 में टॉप ऑर्डर के जल्दी आउट होने के बाद गुजरात की बल्लेबाजी बिखर गई थी। टीम इस मुकाबले में बेहतर बल्लेबाजी प्रदर्शन करना चाहेगी।
हेड टु हेड में गुजरात का दबदबा
गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच अब तक आईपीएल में 10 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें गुजरात ने सात मैच जीतकर अपना दबदबा कायम रखा है। वहीं राजस्थान को सिर्फ तीन जीत मिली हैं। 2022 का आईपीएल फाइनल में गुजरात ने राजस्थान को हराकर पहली बार खिताब जीता था। हालांकि मौजूदा सीजन में दोनों टीमें बराबरी पर रही हैं। एक मुकाबले में राजस्थान ने छह विकेट से जीत दर्ज की है। जबकि दूसरे मैच में गुजरात ने 77 रन से शानदार जीत हासिल कर हिसाब बराबर कर लिया है।
बारिश बन सकती है विलेन
मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जा रही है। यहां पिछले चार मुकाबलों में 200 से ज्यादा का स्कोर बना है। हालांकि मौसम विभाग ने मैच के दौरान 60 से 70 प्रतिशत बारिश की संभावना जताई है। यदि बारिश के कारण मुकाबला रद्द होता है तो पॉइंट्स टेबल में बेहतर स्थिति होने के कारण गुजरात टाइटंस फाइनल में पहुंच जाएगी। जबकि राजस्थान का सफर खत्म हो जाएगा।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









