गुजरात-चेन्नई मुकाबले पर सबकी नजर: अहमदाबाद में आज भिड़ेंगी दोनों टीमें, गुजरात की नजर टॉप-टू पर

5 घंटे पहले
अहमदाबाद में आज भिड़ेंगी दोनों टीमें, गुजरात की नजर टॉप-टू पर

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 66वें मुकाबले में गुरुवार को गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स आमने-सामने होंगी। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। जहां गुजरात की नजर टॉप-2 में अपनी स्थिति मजबूत करने पर है, वहीं चेन्नई के लिए यह मैच प्लेऑफ की उम्मीदें बचाए रखने का अंतिम मौका साबित हो सकता है।

चेन्नई सुपर किंग्स ने इस सीजन अब तक 13 मुकाबलों में केवल छह जीत हासिल की हैं और टीम 12 अंकों के साथ अंक तालिका में छठे स्थान पर बनी हुई है। ऐसे में प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए उसे हर हाल में यह मुकाबला जीतना होगा। दूसरी ओर शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस पहले ही प्लेऑफ में अपनी जगह लगभग पक्की कर चुकी है। टीम ने 13 में से आठ मुकाबले जीतकर 16 अंक हासिल किए हैं और वह दूसरे स्थान पर काबिज है।

हेड-टू-हेड में गुजरात को बढ़त

आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक कांटे की टक्कर देखने को मिली है। दोनों के बीच खेले गए नौ मुकाबलों में गुजरात ने पांच जबकि चेन्नई ने चार मैच जीते हैं। इस सीजन की पहली भिड़ंत में गुजरात ने चेन्नई को आठ विकेट से हराया था। ऐसे में चेन्नई इस मुकाबले में पिछली हार का बदला लेने के इरादे से उतरेगी।

शानदार फार्म में हैं सई सुदर्शन

गुजरात के लिए इस सीजन में साई सुदर्शन शानदार फॉर्म में रहे हैं। उन्होंने 13 मैचों में 554 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं। वहीं गेंदबाजी में कगिसो रबाडा ने 21 विकेट लेकर टीम को कई मुकाबलों में जीत दिलाई है। दूसरी ओर चेन्नई की बल्लेबाजी का दारोमदार संजू सैमसन पर रहा है, जिन्होंने 477 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में अंशुल कंबोज ने 20 विकेट चटकाकर प्रभावित किया है।

बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है पिच

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां हाई स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं, हालांकि बड़ी बाउंड्री गेंदबाजों को भी मदद देती है। आईपीएल में यहां अब तक 51 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें पहले बल्लेबाजी और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को लगभग बराबर सफलता मिली है। मौसम विभाग के अनुसार मैच के दौरान बारिश की संभावना नहीं है और पूरा मुकाबला बिना किसी बाधा के खेले जाने की उम्मीद है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

वेबसाइट पर ही पढ़ें