नॉर्वे चेस में गुकेश का संघर्ष जारी: वर्ल्ड चैंपियन को लगातार तीसरी हार, प्रज्ञानानंदा दूसरे स्थान पर कायम

प्रतिष्ठित नॉर्वे चेस टूर्नामेंट में भारतीय विश्व चैंपियन डी गुकेश का खराब प्रदर्शन लगातार जारी है। चौथे राउंड में दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने उन्हें शिकस्त देकर टूर्नामेंट में उनकी लगातार तीसरी हार दर्ज कराई है। इस हार के बाद गुकेश अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर पहुंच गए हैं। जबकि कार्लसन ने वापसी करते हुए शीर्ष खिलाड़ियों की दौड़ में खुद को फिर से मजबूत कर लिया है।
सात बार के नॉर्वे चेस चैंपियन कार्लसन ने काले मोहरों से खेलते हुए बेहद रणनीतिक अंदाज में मुकाबला अपने नाम किया। शुरुआती तीन राउंड में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले कार्लसन ने इस जीत के साथ 4.5 अंक हासिल कर चौथा स्थान प्राप्त कर लिया है। दूसरी ओर भारतीय युवा स्टार गुकेश 3.5 अंकों के साथ स्टैंडिंग में अंतिम पायदान पर खिसक गए हैं।
कार्लसन बोले- जरूरत से ज्यादा आक्रामक थे गुकेश
मैच के बाद मैग्नस कार्लसन ने गुकेश की रणनीति पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारतीय खिलाड़ी की ओपनिंग देखकर उन्हें आश्चर्य हुआ। कार्लसन के मुताबिक गुकेश ने मुकाबले में जरूरत से ज्यादा आक्रामक रुख अपनाया था। जिसका फायदा उन्हें मिला। चेस विशेषज्ञों का मानना है कि गुकेश लगातार दबाव में नजर आ रहे हैं। कई महत्वपूर्ण मौकों पर उनकी रणनीति कमजोर साबित हो रही है। विश्व चैंपियन बनने के बाद यह पहला बड़ा टूर्नामेंट है। उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही थी। लेकिन अब तक वे अपनी लय हासिल नहीं कर पाए हैं।
प्रज्ञानानंदा ने फिर दिखाया दम
भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान बरकरार रखा है। उन्होंने जर्मनी के विन्सेंट कीमर को आर्मगेडन टाईब्रेक में हराया। दोनों खिलाड़ियों के बीच क्लासिकल मुकाबला ड्रॉ रहा था। जिसके बाद फैसला टाईब्रेक में हुआ। प्रज्ञानानंदा ने आर्मगेडन मुकाबले में केवल 17 चालों में जीत दर्ज कर अपनी रणनीतिक क्षमता का बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस जीत के साथ उनके कुल छह अंक हो गए हैं और वे टूर्नामेंट में दूसरे स्थान पर बने हुए हैं।
फिरोजा शीर्ष पर कायम
फ्रांस के स्टार खिलाड़ी अलीरेजा फिरोजा शानदार फॉर्म में बने हुए हैं। लगातार स्थिर प्रदर्शन के दम पर वे 8.5 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर कायम हैं। विशेषज्ञों के अनुसार फिरोजा इस समय टूर्नामेंट जीतने के सबसे मजबूत दावेदारों में नजर आ रहे हैं।
महिला वर्ग में दिव्या को पहली हार
महिला वर्ग में भारत की युवा खिलाड़ी दिव्या देशमुख को पहली बार आर्मगेडन मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। डिफेंडिंग चैंपियन अन्ना मुजिचुक ने उन्हें कड़े मुकाबले में हराया। हालांकि इस हार के बावजूद दिव्या 5.5 अंकों के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं। वहीं भारत की अनुभवी ग्रैंडमास्टर कोनेरू हम्पी का संघर्ष जारी है। लगातार खराब प्रदर्शन के चलते वह महिला वर्ग की स्टैंडिंग में आखिरी स्थान पर बनी हुई हैं। नॉर्वे चेस के आगामी राउंड अब भारतीय खिलाड़ियों के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं। खासकर गुकेश के सामने अपनी लय वापस पाने और टूर्नामेंट में वापसी करने की बड़ी चुनौती होगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









