हैदराबाद बनाम दिल्ली: जीत की रेस में दोनों टीमों की कड़ी टक्कर, चौथी जीत की तलाश में दिल्ली

आईपीएल 2026 में मंगलवार को सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच अहम मुकाबला खेला जाएगा। मैच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। दोनों टीमें इस वक्त पॉइंट्स टेबल में बराबरी पर हैं। दोनों के पास 6-6 अंक हैं। बेहतर रन रेट के चलते हैदराबाद चौथे स्थान पर है। दिल्ली भी चौथी जीत की तलाश में मैदान पर उतरेगी। वहीं हैदराबाद की टीम अपने होम ग्राउंड पर लगातार तीसरी जीत दर्ज करने के इरादे से खेलेगी।
सनराइजर्स हैदराबाद को इस मैच में अपने रेगुलर कप्तान पैट कमिंस की कमी खलेगी। वह टीम के साथ जुड़ चुके हैं, लेकिन इस मुकाबले के लिए उपलब्ध नहीं हैं। उनकी गैरमौजूदगी में ईशान किशन टीम की कप्तानी कर रहे हैं। शुरुआत में टीम की गेंदबाजी कमजोर नजर आई थी। लेकिन पिछले दो मैचों में युवा गेंदबाजों ने शानदार कमबैक किया है। प्रफुल्ल हिंगे, साकिब हुसैन और शिवांग कुमार ने इम्प्रेसिव प्रदर्शन किया है। ईशान मलिंगा ने भी डेथ ओवरों में बेहतरीन बॉलिंग की है। उन्होंने चेन्नई के खिलाफ मैच जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। मलिंगा इस सीजन में टीम के टॉप विकेट टेकर हैं। उन्होंने 6 मैचों में 8 विकेट लिए हैं। टीम अब उनके प्रदर्शन पर काफी हद तक निर्भर है।
बैटिंग यूनिट में लगातार स्ट्रागल
हैदराबाद की सबसे बड़ी चिंता उसकी बल्लेबाजी है। टीम का टॉप ऑर्डर अब तक कंसिस्टेंसी नहीं दिखा पाया है। ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन बड़ी साझेदारी करने में फेल रहे हैं। टीम का हाई-रिस्क अप्रोच कई बार नुकसानदेह साबित हुआ है। जल्दी विकेट गिरने से मिडिल ऑर्डर पर दबाव बढ़ जाता है। इसका सीधा असर हेनरिक क्लासन पर पड़ा है। उन्हें संभलकर खेलना पड़ रहा है। वह खुलकर अटैक नहीं कर पा रहे हैं। इसके बावजूद क्लासन टीम के टॉप स्कोरर हैं। उन्होंने छह मैचों में 283 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 144 से ज्यादा है। टीम को उनसे एक बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी।
दिल्ली की गेंदबाजी में धार की कमी
दिल्ली कैपिटल्स की गेंदबाजी में वैरायटी तो दिखती है, लेकिन कंसिस्टेंसी की कमी साफ नजर आती है। मिचेल स्टार्क की गैरमौजूदगी टीम को भारी पड़ रही है। लुंगी एनगिडी फिलहाल अटैक को लीड कर रहे हैं। उन्होंने पांच मैचों में सात विकेट लिए हैं। कप्तान अक्षर पटेल मिडिल ओवरों में रन रोकने में सफल रहे हैं। लेकिन टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। मुकेश कुमार और टी नटराजन ने बीच-बीच में अच्छा खेल दिखाया है। लेकिन डेथ ओवरों में और बेहतर कंट्रोल की जरूरत है।
पिच रिपोर्ट और मैच कंडीशन
राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच बैटिंग फ्रेंडली मानी जाती है। यहां बड़े स्कोर बनते हैं। बल्लेबाजों को अच्छा सपोर्ट मिलता है। हालांकि तेज गेंदबाजों को भी कुछ मदद मिलती है। इस मैदान पर अब तक 86 आईपीएल मैच खेले गए हैं। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 37 मैच जीते हैं। जबकि चेज करने वाली टीम ने 48 मुकाबले अपने नाम किए हैं। यहां का हाईएस्ट स्कोर 286 रन है। जो हैदराबाद ने पिछले सीजन में बनाया था। इस सीजन में हैदराबाद ने यहां तीन मैच खेले हैं। दो में जीत मिली है। एक में हार का सामना करना पड़ा है। मौसम साफ रहेगा। तापमान 36 से 25 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है। बारिश की कोई संभावना नहीं है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (कप्तान), हेनरिक क्लासन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवांग कुमार, प्रफुल्ल हिंगे, साकिब हुसैन, ईशान मलिंगा।
दिल्ली कैपिटल्स: केएल राहुल, पाथुम निसांका, नीतीश राणा, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), विपराज निगम, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी, मुकेश कुमार, टी नटराजन। इम्पैक्ट प्लेयर: समीर रिजवी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










