फाइनल में वैभव सूर्यवंशी का धमाका: इंडिया-ए बनी ट्राई सीरीज चैंपियन, श्रीलंका ए को 66 रन से हराया

1 घंटा पहले
इंडिया-ए बनी ट्राई सीरीज चैंपियन, श्रीलंका ए को 66 रन से हराया

श्रीलंका में आयोजित ट्राई सीरीज के फाइनल मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से मैच का रुख तय कर दिया। 15 वर्षीय बल्लेबाज ने श्रीलंका ए के खिलाफ तूफानी अंदाज में रन बरसाते हुए महज 29 गेंदों पर 94 रन की यादगार पारी खेली। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत इंडिया ए ने निर्धारित ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 377 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में श्रीलंका ए की टीम 47.1 ओवर में 311 रन पर सिमट गई। भारत ए ने 66 रन से जीत दर्ज कर ट्राई सीरीज का खिताब अपने नाम कर लिया।

रंगिरी दांबुला अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्य ने तेज शुरुआत दिलाई। शुरुआत से ही वैभव आक्रामक नजर आए। वैभव ने श्रीलंकाई गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। उन्होंने केवल 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिस्ट ए क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वैभव शतक से महज छह रन दूर रह गए। लेकिन उनकी 29 गेंदों की 94 रन की पारी ने मैच का स्वरूप बदल दिया। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और आठ शानदार छक्के लगाए।

मध्यक्रम ने संभाली जिम्मेदारी

वैभव के आउट होने के बाद प्रियांश आर्य ने 39 रन का योगदान दिया। वहीं, उपकप्तान रुतुराज गायकवाड़ 40 रन बनाकर अर्धशतक से चूक गए। कप्तान तिलक वर्मा ने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए 90 गेंदों में 67 रन बनाए और पारी को मजबूती प्रदान की। निचले क्रम में कुमार कुशाग्र ने 36, अनुकूल रॉय ने 39 तथा विपराज निगम ने 27 रन जोड़कर टीम का स्कोर 377 रन तक पहुंचा दिया। श्रीलंका ए की ओर से कुगाथास मथुलन, रविंदु फर्नांडो और वानुजा सहान ने दो-दो विकेट हासिल किए।

यश ठाकुर ने तोड़ी श्रीलंका की कमर

विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही। तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने शुरुआती ओवरों में अविष्का फर्नांडो, निरोशन डिकवेला और नुवानिदु फर्नांडो को आउट कर मेजबान टीम को दबाव में ला दिया। इसके बाद सदीरा समरविक्रमा और कप्तान सहान अराचिगे ने चौथे विकेट के लिए 53 रन जोड़कर पारी को संभालने की कोशिश की। हालांकि, सीरीज में पहला मैच खेल रहे अशोक शर्मा ने सदीरा समरविक्रमा को आउट कर इस साझेदारी का अंत कर दिया।

गेंदबाजों ने दिलाई निर्णायक जीत

श्रीलंका ए के कप्तान सहान अराचिगे ने 38 रन बनाए। लेकिन उन्हें भारतीय कप्तान तिलक वर्मा ने अपना शिकार बनाया। बाद के बल्लेबाजों में विजयकांत व्यासकांत ने 39 और वानुजा सहान ने 62 रन की संघर्षपूर्ण पारियां खेलीं। लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला सके। दुलज समुदिथा ने 15 और मोहम्मद शिराज ने 21 रन बनाए। भारत ए की ओर से यश ठाकुर और विपराज निगम ने तीन-तीन विकेट लेकर जीत की नींव मजबूत की। वहीं, अनुकूल रॉय ने दो सफलताएं हासिल कीं। इस जीत के साथ तिलक वर्मा की कप्तानी में इंडिया ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्राई सीरीज का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल में वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक पारी और गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन ने टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।