ट्राई सीरीज में इंडिया-ए की विजयी शुरुआत: श्रीलंका-ए को 8 रन से हराया, ऋतुराज गायकवाड का शानदार शतक

09 जून 2026
 श्रीलंका-ए को 8 रन से हराया, ऋतुराज गायकवाड का शानदार शतक

दांबुला में खेली जा रही वनडे ट्राई सीरीज के पहले मुकाबले में इंडिया-ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका-ए को आठ रन से हराकर टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया। कप्तान तिलक वर्मा के टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के फैसले को ऋतुराज गायकवाड ने शतकीय पारी खेलकर सही साबित किया। गायकवाड के 101 रन और तिलक वर्मा के 60 रन की बदौलत भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवर में छह विकेट पर 277 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। जवाब में श्रीलंका-ए की टीम लक्ष्य के बेहद करीब पहुंचने के बावजूद निर्धारित ओवरों में लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और आठ रन से मुकाबला गंवा बैठी।

भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी 14 रन और प्रभसिमरन सिंह मात्र दो रन बनाकर पवेलियन लौट गए। पावरप्ले के भीतर दो विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई थी। इसके बाद प्रियांश आर्य ने 32 रन की उपयोगी पारी खेली। लेकिन वह दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रनआउट हो गए। संकट की घड़ी में ऋतुराज गायकवाड और कप्तान तिलक वर्मा ने जिम्मेदारी संभाली। चौथे विकेट के लिए 100 से अधिक रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। गायकवाड ने धैर्य और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए 101 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान शानदार शॉट्स लगाए। गायकवाड ने लिस्ट-ए क्रिकेट का 25वां शतक पूरा किया। दूसरी ओर तिलक वर्मा ने 97 गेंदों पर 60 रन की संयमित पारी खेलकर उनका भरपूर साथ दिया। अंतिम ओवरों में आयुष बडोनी और सूर्यांश शेडगे ने तेज रन जुटाकर टीम का स्कोर 277 रन तक पहुंचाया।

श्रीलंका की मजबूत शुरुआत

278 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका-ए की शुरुआत शानदार रही। निरोशन डिकवेला और अविष्का फर्नांडो ने पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़कर भारतीय गेंदबाजों को दबाव में डाल दिया। शुरुआती 10 ओवर में श्रीलंका ने बिना किसी नुकसान के 66 रन बना लिए थे। मैच पर श्रीलंका की पकड़ मजबूत दिखाई दे रही थी। हालांकि इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने शानदार वापसी की। आयुष बडोनी ने लगातार दो विकेट लेकर श्रीलंका की मजबूत ओपनिंग साझेदारी तोड़ी। अविष्का फर्नांडो और डिकवेला के आउट होने के बाद भारतीय टीम ने मैच में वापसी कर ली। इसके बाद विप्रज निगम ने नुवानिदु फर्नांडो को स्टंप आउट कराया। जबकि अनुकूल रॉय ने सदीरा समरविक्रमा और रविंदु फर्नांडो को आउट कर श्रीलंका को बड़े झटके दिए।

आखिरी ओवरों में रोमांच, भारत ने बचाई जीत

मैच के अंतिम चरण में कप्तान सहान अराचिगे ने 74 रन की शानदार पारी खेलकर श्रीलंका की उम्मीदें बनाए रखीं। उन्होंने जिम्मेदारी से बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत के करीब पहुंचाया। लेकिन 48वें ओवर में अंशुल कंबोज ने उन्हें बोल्ड कर भारत को निर्णायक सफलता दिलाई। इसके बाद श्रीलंका की टीम आवश्यक रन गति बनाए नहीं रख सकी। भारतीय गेंदबाजों ने सामूहिक प्रदर्शन करते हुए जीत सुनिश्चित की। आयुष बडोनी, अनुकूल रॉय, विप्रज निगम और अंशुल कंबोज ने दो-दो विकेट हासिल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस रोमांचक मुकाबले में इंडिया-ए ने हर विभाग में संतुलित प्रदर्शन किया। भारत-ए ने श्रीलंका-ए को आठ रन से हराकर ट्राई सीरीज में शानदार शुरुआत दर्ज की।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।