भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी: 25-25 ओवर का होगा मैच, हर्ष दुबे और गुरनूर बरार का वनडे डेब्यू

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला शनिवार को धर्मशाला में शुरू हुआ। बारिश के कारण मैच निर्धारित समय से करीब चार घंटे 15 मिनट की देरी से शुरू हुआ। जिसके चलते मुकाबले को 25-25 ओवर का कर दिया गया। टॉस जीतकर भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुकाबले के साथ ही भारतीय टीम के दो युवा खिलाड़ियों हर्ष दुबे और गुरनूर बरार ने इंटरनेशनल वनडे क्रिकेट में पदार्पण किया।
धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में मौसम की बाधा के बावजूद दर्शकों का उत्साह कम नहीं दिखा। लंबे इंतजार के बाद जब खेल शुरू हुआ तो भारतीय टीम नए संयोजन के साथ मैदान पर उतरी। विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल ने हर्ष दुबे को वनडे कैप सौंपी। वहीं कप्तान शुभमन गिल ने गुरनूर बरार को डेब्यू कैप देकर टीम में स्वागत किया। युवा खिलाड़ियों को मौका देकर टीम प्रबंधन ने भविष्य की तैयारियों का भी संकेत दिया है।
भारतीय बल्लेबाजी पर अनुभवी खिलाड़ियों की जिम्मेदारी
विराट कोहली की अनुपस्थिति में भारतीय बल्लेबाजी की जिम्मेदारी कप्तान शुभमन गिल, रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल के कंधों पर रहेगी। हालिया वनडे मुकाबलों में शुभमन गिल शानदार फॉर्म में रहे हैं और लगातार रन बना रहे हैं। वहीं रोहित शर्मा भी सीमित ओवरों के क्रिकेट में प्रभावशाली प्रदर्शन कर चुके हैं। टीम प्रबंधन ईशान किशन और अन्य बल्लेबाजों को भी अलग-अलग बल्लेबाजी क्रम पर आजमाने की रणनीति पर काम कर सकता है। गेंदबाजी विभाग में अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा नई गेंद से शुरुआती सफलता दिलाने की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं स्पिन आक्रमण में अनुभव और विविधता भारतीय टीम की ताकत मानी जा रही है। युवा खिलाड़ियों के लिए भी यह मुकाबला अपनी प्रतिभा साबित करने का बड़ा अवसर है।
अफगानिस्तान की नजर पहली जीत पर
अफगानिस्तान की टीम भी आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरी है। टीम की बल्लेबाजी इब्राहिम जादरान, रहमानुल्लाह गुरबाज, रहमत शाह और अजमतुल्लाह उमरजई जैसे खिलाड़ियों पर निर्भर रहेगी। जादरान हाल के समय में शानदार फॉर्म में रहे हैं और बड़े स्कोर बनाने की क्षमता रखते हैं। वहीं ऑलराउंडर उमरजई बल्ले और गेंद दोनों से मैच का रुख बदलने में सक्षम हैं। अफगानिस्तान की सबसे बड़ी ताकत स्टार लेग स्पिनर राशिद खान हैं। जिनकी वापसी से टीम को मजबूती मिली है। राशिद अपनी फिरकी से किसी भी बल्लेबाजी क्रम को परेशान करने की क्षमता रखते हैं। भारतीय बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकते हैं।
भारत का पलड़ा भारी
वनडे क्रिकेट में भारत और अफगानिस्तान के बीच अब तक चार मुकाबले खेले गए हैं। जिनमें भारत ने तीन मैच जीते हैं। वहीं एक मैच टाई रहा है। अफगानिस्तान अभी तक भारत के खिलाफ वनडे में जीत दर्ज नहीं कर पाया है। ऐसे में भारतीय टीम अपनी श्रेष्ठता बरकरार रखने के इरादे से मैदान में उतरी है। वहीं अफगानिस्तान इतिहास रचने की कोशिश करेगा। बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में दोनों टीमों के बीच रोमांचक संघर्ष की उम्मीद की जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









