भारत की ऐतिहासिक जीत: अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से रौंदा, मानव सुथार बने जीत के हीरो

08 जून 2026
अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से रौंदा, मानव सुथार बने जीत के हीरो

न्यू चंडीगढ़ में खेले गए एकमात्र टेस्ट मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम ने अफगानिस्तान को पारी और 300 रन के विशाल अंतर से हराकर इतिहास रच दिया। यह टेस्ट क्रिकेट में भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले भारतीय टीम ने वर्ष 2018 में राजकोट में वेस्टइंडीज को पारी और 272 रन से हराया था। कप्तान शुभमन गिल की अगुआई में टीम इंडिया ने तीन दिनों के भीतर मुकाबला समाप्त करते हुए अपनी मजबूत बल्लेबाजी और धारदार गेंदबाजी का शानदार प्रदर्शन किया।

भारत ने पहली पारी में आठ विकेट पर 564 रन बनाकर पारी घोषित की थी। विशाल स्कोर के दबाव में अफगानिस्तान की टीम पहली पारी में केवल 152 रन पर सिमट गई। इसके बाद फॉलोऑन खेलने उतरी मेहमान टीम दूसरी पारी में भी भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 112 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत ने पारी और 300 रन के बड़े अंतर से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

डेब्यू टेस्ट में चमके मानव सुथार

भारतीय जीत के सबसे बड़े नायक डेब्यू टेस्ट खेल रहे युवा स्पिनर मानव सुथार रहे। उन्होंने पहली पारी में छह विकेट झटककर अफगान बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। दूसरी पारी में भी उन्होंने एक महत्वपूर्ण विकेट हासिल किया। पूरे मैच में सात विकेट लेने वाले सुथार को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। पहली पारी में सुथार ने लगातार सटीक लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाजी करते हुए अफगानिस्तान के मध्यक्रम को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने अपने पहले ही टेस्ट मुकाबले में पांच विकेट लेने की उपलब्धि भी हासिल की। जो किसी भी युवा गेंदबाज के लिए यादगार शुरुआत मानी जाती है।

सुंदर और कुलदीप ने किया काम तमाम

दूसरी पारी में वॉशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव ने अफगानिस्तान की वापसी की सभी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। सुंदर ने चार विकेट झटके, जबकि कुलदीप यादव ने तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। मोहम्मद सिराज और मानव सुथार को भी एक-एक सफलता मिली। अफगानिस्तान की ओर से सेदीकुल्लाह अटल ने सर्वाधिक 42 रन बनाए। उन्हें दूसरे छोर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। रहमानुल्लाह गुरबाज, रहमत शाह और हश्मतुल्लाह शाहिदी जैसे अनुभवी बल्लेबाज भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।

तीसरे दिन पूरी तरह भारत के नाम

मैच के तीसरे दिन का खेल पूरी तरह भारतीय टीम के नियंत्रण में रहा। पहले सत्र में भारत ने अफगानिस्तान की पहली पारी समाप्त की। जबकि दूसरे और तीसरे सत्र में दूसरी पारी को भी जल्द समाप्त कर दिया। भारतीय गेंदबाजों ने पूरे दिन लगातार दबाव बनाए रखा। अफगान बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारतीय टीम ने न केवल नया रिकॉर्ड बनाया। साथ ही घरेलू सरजमीं पर अपनी ताकत का भी शानदार प्रदर्शन किया। युवा खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन ने भविष्य के लिए भारतीय क्रिकेट को नए विकल्प भी प्रदान किए हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।