शेफाली की विस्फोटक पारी से भारत की शानदार जीत: बांग्लादेश को 5 विकेट से रौंदा, सेमीफाइनल की रेस में टीम बरकरार

1 घंटा पहले
बांग्लादेश को 5 विकेट से रौंदा, सेमीफाइनल की रेस में टीम बरकरार

आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को पांच विकेट से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को मजबूत बनाए रखा। टूर्नामेंट के 23वें मुकाबले में भारत ने 137 रन के लक्ष्य को 16.5 ओवर में हासिल कर लिया। यह विश्व कप में भारतीय टीम की तीसरी जीत है। इसके साथ उसके छह अंक हो गए हैं। अब टीम इंडिया की अगली चुनौती ऑस्ट्रेलिया होगी, जो सेमीफाइनल की तस्वीर तय करने में अहम साबित हो सकती है।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत साधारण रही। पूरी टीम 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 136 रन ही बना सकी। सलामी बल्लेबाज जुएरिया फिरदौस ने सर्वाधिक 33 रन बनाए। वहीं, कप्तान निगार सुल्ताना ने 27 गेंदों पर 32 रन की उपयोगी पारी खेली। शोभना मोस्टोरी ने 22 रन का योगदान दिया। भारतीय गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन किया। राधा यादव सबसे सफल रहीं और तीन विकेट अपने नाम किए। श्रीचरणी ने दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। वहीं, रेणुका ठाकुर और नंदनी शर्मा को एक-एक सफलता मिली। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण बांग्लादेश बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सका।

पावरप्ले में शेफाली ने बदला मैच का रुख

137 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शेफाली वर्मा ने आक्रामक शुरुआत दिलाई। उन्होंने शुरुआत से ही बांग्लादेशी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। हालांकि, स्मृति मंधाना केवल आठ रन बनाकर जल्दी आउट हो गईं। लेकिन इससे भारत की रनगति पर कोई असर नहीं पड़ा। शेफाली की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत भारतीय टीम ने पावरप्ले में एक विकेट पर 63 रन बना लिए। यह महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में भारतीय टीम का पावरप्ले में सर्वोच्च स्कोर है, जिसने मुकाबले का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया।

29 गेंदों में अर्धशतक

शेफाली वर्मा ने केवल 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर टीम की जीत की मजबूत नींव रखी। उन्होंने 34 गेंदों पर 53 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें आठ चौके और एक छक्का शामिल रहा। अर्धशतक पूरा करने के कुछ देर बाद वह स्टंपिंग का शिकार हो गईं। लेकिन तब तक भारत जीत की राह पर मजबूती से आगे बढ़ चुका था। यास्तिका भाटिया ने 23 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं, रिचा घोष ने 10 रन बनाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर 13 और दीप्ति शर्मा पांच रन बनाकर नाबाद लौटीं तथा टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया।

अब ऑस्ट्रेलिया से होगी अगली चुनौती

इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है और सेमीफाइनल की उम्मीदों को जीवंत रखा है। अब टीम की निगाहें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले पर होंगी। जहां जीत उसे अंतिम चार की दौड़ में और मजबूत स्थिति में पहुंचा सकती है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।