भारत ने पाकिस्तान को 64 रन से रौंदा: दीप्ति शर्मा ने खोला 'पंजा', स्मृति मंधाना ने खेली 68 रन की तूफानी पारी

महिला टी-20 विश्व कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार अंदाज में करते हुए चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 64 रन से करारी शिकस्त दी। उपकप्तान स्मृति मंधाना की शानदार अर्धशतकीय पारी और ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा की घातक गेंदबाजी के दम पर भारत ने एकतरफा मुकाबले में जीत दर्ज की। विश्व कप इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ रन के लिहाज से यह भारत की सबसे बड़ी जीत मानी जा रही है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 170 रन बनाए। जबकि जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई।
एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत आक्रामक रही। लेकिन जल्द ही दो महत्वपूर्ण विकेट गिर गए। शेफाली वर्मा ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर इरादे जाहिर किए। लेकिन छह रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स भी केवल एक रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। महज 18 रन पर दो विकेट गिरने के बाद टीम दबाव में थी। लेकिन स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने जिम्मेदारी संभालते हुए पारी को स्थिरता प्रदान की। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 91 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। मंधाना ने बेहतरीन टाइमिंग और आक्रामक शॉट्स का प्रदर्शन करते हुए 44 गेंदों में 68 रन बनाए। उनकी पारी में नौ चौके और दो शानदार छक्के शामिल रहे। वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 35 गेंदों में 36 रन बनाकर उनका अच्छा साथ निभाया।
ऋचा घोष की तूफानी बल्लेबाजी से मिला मजबूत स्कोर
मध्यक्रम के कुछ विकेट जल्दी गिरने के बावजूद विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने अंतिम ओवरों में विस्फोटक बल्लेबाजी कर मैच का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया। उन्होंने केवल 17 गेंदों में 34 रन की तेजतर्रार पारी खेली। खासकर 19वें ओवर में लगातार बड़े शॉट लगाकर उन्होंने पाकिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बढ़ा दिया। भारत ने अंतिम दो ओवरों में 38 रन जोड़कर स्कोर को 170 तक पहुंचाया।
दीप्ति शर्मा ने गेंद से बरपाया कहर
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम ने सकारात्मक शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 38 रन जोड़े। हालांकि इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली। अनुभवी स्पिनर दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पाकिस्तान की बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने पहले गुल फिरोजा और आयशा जफर को आउट किया। फिर मुनीबा अली की खतरनाक पारी का अंत किया। दीप्ति ने अपने अंतिम ओवर में तीन विकेट लेकर पाकिस्तान की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया। उन्होंने चार ओवर में मात्र 10 रन देकर पांच विकेट झटके और मैच की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी साबित हुईं। युवा गेंदबाज श्रीचरणी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट अपने नाम किए।
जीत के साथ भारत ने भेजा मजबूत संदेश
विश्व कप के पहले ही मुकाबले में पाकिस्तान पर मिली इस बड़ी जीत ने भारतीय टीम के आत्मविश्वास को नई ऊंचाई दी है। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा। टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत जीत के साथ कर यह संकेत दे दिया है। वह इस बार खिताब की मजबूत दावेदार है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









