महिला टी20 विश्व कप में भारत का ऐतिहासिक प्रदर्शन: नीदरलैंड्स को 95 रन से हराया, चरणी ने चटकाए चार विकेट

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने महिला टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम ने नीदरलैंड्स को 95 रन के बड़े अंतर से पराजित कर टूर्नामेंट में अपनी अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 209 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में नीदरलैंड्स की पूरी टीम 114 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने न केवल महत्वपूर्ण अंक हासिल किए। साथ ही महिला टी20 विश्व कप इतिहास में अपनी सबसे बड़ी जीत का नया रिकॉर्ड भी स्थापित कर दिया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाते हुए डच गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट खेलते हुए दोनों ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की और भारतीय पारी की मजबूत नींव रखी। स्मृति मंधाना ने 47 गेंदों में 74 रन की बेहतरीन पारी खेली। उनकी पारी में 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा। वहीं शेफाली वर्मा ने 38 गेंदों पर 55 रन बनाकर टीम को तेज गति से रन दिलाए। उन्होंने अपनी पारी में 10 शानदार चौके लगाए। दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद मध्यक्रम अपेक्षित बड़ी पारियां नहीं खेल सका। लेकिन शुरुआती साझेदारी की बदौलत भारतीय टीम निर्धारित 20 ओवर में 209 रन तक पहुंचने में सफल रही।
लक्ष्य के दबाव में बिखरी डच टीम
210 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड्स की टीम ने शुरुआत में कुछ सकारात्मक संकेत दिए। शुरुआती बल्लेबाजों ने संभलकर खेलते हुए स्कोरबोर्ड को आगे बढ़ाया और पहला विकेट 34 रन के स्कोर पर गंवाया। हालांकि भारतीय गेंदबाजों को पहली सफलता मिलते ही मैच का रुख पूरी तरह बदल गया। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार अंतराल पर विकेट झटककर नीदरलैंड्स की बल्लेबाजी को पूरी तरह दबाव में ला दिया। डच बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों की विविधता और सटीक लाइन-लेंथ के सामने टिक नहीं सके। परिणामस्वरूप पूरी टीम 17.3 ओवर में 114 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
श्री चरणी की फिरकी बनी जीत की सबसे बड़ी वजह
भारतीय जीत की सबसे बड़ी नायिका युवा स्पिनर श्री चरणी रहीं। बाएं हाथ की इस स्पिन गेंदबाज ने अपनी सधी हुई गेंदबाजी से नीदरलैंड्स के बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त कर दिया। चरणी ने चार ओवर में मात्र 19 रन देकर चार महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। उनकी गेंदों को पढ़ने में डच बल्लेबाज लगातार संघर्ष करते नजर आए। वहीं, शेफाली वर्मा ने बल्ले के बाद गेंद से भी प्रभाव छोड़ा। उन्होंने 3.2 ओवर में 20 रन देकर तीन विकेट झटके और विपक्षी टीम की वापसी की सभी उम्मीदों पर विराम लगा दिया। अन्य भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार सहयोग करते हुए विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
टूर्नामेंट में दर्ज हुई सबसे बड़ी जीत
भारत ने यह मुकाबला 95 रन से जीतकर महिला टी20 विश्व कप में अपनी सबसे बड़ी जीत का नया रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले भारतीय टीम की सबसे बड़ी जीत श्रीलंका के खिलाफ 82 रन से थी। इस शानदार प्रदर्शन ने टीम के आत्मविश्वास को नई ऊंचाई दी है। यह संकेत भी दिया है कि भारतीय महिला टीम इस विश्व कप में खिताब की प्रबल दावेदारों में शामिल है। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण तीनों विभागों में संतुलित प्रदर्शन करते हुए भारत ने यह साबित कर दिया कि वह बड़े मंच पर किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। टीम प्रबंधन और प्रशंसकों को उम्मीद है कि यह जीत आगामी मुकाबलों में भी टीम के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









