डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार फाइनल में: इंजरी टाइम में पलटा मैच का रोमांच, इंग्लैंड को 2-1 से चटाई धूल

फीफा विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में अर्जेंटीना ने आखिरी पलों में शानदार वापसी करते हुए इंग्लैंड को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल का टिकट हासिल कर लिया। पूरे मुकाबले में कड़ी टक्कर देखने को मिली। लेकिन इंजरी टाइम में लियोन मेसी की सटीक क्रॉस पर लुतारो मार्तिनेज के शानदार हेडर ने मुकाबले का फैसला कर दिया। इससे पहले एंजो फर्नांदेस ने बराबरी का गोल कर अर्जेंटीना की वापसी कराई थी। मेसी ने दोनों गोल में असिस्ट देकर जीत में निर्णायक भूमिका निभाई।
इंग्लैंड तीन बदलावों के साथ मैदान पर उतरा और शुरुआत से ही आक्रामक रवैया अपनाते हुए अर्जेंटीना के हमलों को प्रभावी ढंग से रोकता रहा। पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच गेंद पर कब्जे की जंग जरूर दिखी। लेकिन कोई भी पक्ष गोल करने में सफल नहीं हुआ। इंग्लैंड ने एक और अर्जेंटीना ने दो शॉट लगाए। हालांकि दोनों टीमों का कोई भी प्रयास निशाने पर नहीं रहा। इस तरह पहला हाफ गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ।
गोर्डन ने बढ़त दिलाई
दूसरे हाफ की शुरुआत अर्जेंटीना ने तेज आक्रमण के साथ की, लेकिन पहला गोल इंग्लैंड के खाते में गया। दाहिने विंग से मोर्गन रोजर्स ने बेहतरीन असिस्ट दिया, जिस पर एंथनी गोर्डन ने गेंद को गोल में पहुंचाकर इंग्लैंड को बढ़त दिला दी। इसके बाद गोलकीपर जार्डन पिकफोर्ड ने कई शानदार बचाव किए और 84वें मिनट तक टीम की बढ़त बनाए रखी।
मेसी ने बदला मैच
हालांकि इसी दौरान मेसी ने अपना अनुभव दिखाया। कॉर्नर पर साथी खिलाड़ी के साथ वन-टू-वन खेलते हुए उन्होंने गेंद एंजो फर्नांदेस को दी, जिन्होंने बॉक्स के बाहर से दमदार शॉट लगाकर स्कोर 1-1 कर दिया। निर्धारित 90 मिनट तक मुकाबला बराबरी पर रहा, लेकिन इंजरी टाइम के दूसरे मिनट में मेसी ने बॉक्स में सटीक क्रॉस डाली। उस पर लुतारो मार्तिनेज ने जोरदार हेडर लगाकर गेंद गोल में पहुंचा दी और अर्जेंटीना को यादगार जीत दिला दी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









