ऑस्ट्रेलिया से हारा भारत: पेरी-गार्डनर की पार्टनरशिप ने तोड़ी उम्मीदें, वर्ल्ड कप में इंडिया का सफर समाप्त

महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम का सफर समाप्त हो गया। ऑस्ट्रेलिया ने एलिस पेरी और एश्ले गार्डनर की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत को छह विकेट से हराकर सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर कर दिया। इस जीत के साथ ग्रुप-ए से ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका ने अंतिम चार में जगह बनाई। वहीं, ग्रुप-बी से इंग्लैंड और वेस्टइंडीज सेमीफाइनल में पहुंच गए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 170 रन बनाए। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 66 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। शेफाली के आउट होने के बाद मंधाना भी 38 रन बनाकर रन आउट हो गईं। जेमिमा रोड्रिग्स ने 34 रन बनाए। लेकिन बाद में रिटायर आउट हुईं। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने महज 27 गेंदों पर 56 रन की विस्फोटक पारी खेलते हुए भारत को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। उनकी इस पारी में छह चौके और तीन छक्के शामिल रहे। यह टी20 विश्व कप में भारत की ओर से सबसे तेज अर्धशतक भी रहा। रिचा घोष एक और दीप्ति शर्मा चार रन बनाकर नाबाद लौटीं। ऑस्ट्रेलिया की ओर से सोफी मोलिनक्स ने दो विकेट लिए।
पेरी और गार्डनर ने पलटा मुकाबला
171 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और रेणुका ठाकुर ने पहले ही ओवर में जॉर्जिया वोल को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। इसके बाद फीबी लिचफील्ड और बेथ मूनी ने दूसरे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी की। श्रीचरणी ने लिचफील्ड को आउट कर यह साझेदारी तोड़ी। इसके बाद दीप्ति शर्मा ने मूनी का विकेट लेकर महिला क्रिकेट के सभी प्रारूपों में सबसे अधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया और झूलन गोस्वामी को पीछे छोड़ दिया। हालांकि इसके बाद एलिस पेरी और एश्ले गार्डनर ने 57 गेंदों पर 100 रन की निर्णायक साझेदारी कर मुकाबला ऑस्ट्रेलिया की झोली में डाल दिया। पेरी ने 38 गेंदों पर 56 रन बनाए, जबकि गार्डनर 29 गेंदों में 53 रन बनाकर नाबाद रहीं। ऑस्ट्रेलिया ने 19वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर भारत को छह विकेट से हराते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









