मैच के दूसरे दिन अफगानिस्तान पर भारत का शिकंजा: पहली पारी 564/8 पर घोषित, सुथार ने झटके 3 विकेट

07 जून 2026
 पहली पारी 564/8 पर घोषित, सुथार ने झटके 3 विकेट

चंडीगढ़ टेस्ट में भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ अपनी मजबूत पकड़ और भी मजबूत कर ली है। पहली पारी में 564 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने के बाद भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अफगानिस्तान ने पांच विकेट पर 113 रन बनाए हैं और अब भी भारत से 451 रन पीछे है। डेब्यू मैच खेल रहे युवा स्पिनर मानव सुथार ने तीन विकेट झटककर मुकाबले में भारत को पूरी तरह हावी स्थिति में पहुंचा दिया है।

भारत ने दूसरे दिन 368 रन पर तीन विकेट से आगे खेलना शुरू किया। कप्तान शुभमन गिल 103 और ऋषभ पंत 50 रन बनाकर क्रीज पर उतरे। दोनों बल्लेबाजों ने पहले दिन की लय को बरकरार रखते हुए अफगान गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। चौथे विकेट के लिए दोनों के बीच 169 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। जिसने भारतीय पारी को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इस दौरान गिल ने अपने शतक को आगे बढ़ाते हुए 126 रन बनाए। जबकि पंत ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 81 रन की उपयोगी पारी खेली। जबकि केएल राहुल ने शतक लगाते हुए 100 रन बनाए। साई सुदर्शन ने 81 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। निचले क्रम में वॉशिंगटन सुंदर ने नाबाद 52 रन बनाए। जबकि डेब्यू कर रहे मानव सुथार ने 28 और मोहम्मद सिराज ने सिर्फ 12 गेंदों में 22 रन बनाकर स्कोर को 564 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद भारतीय टीम ने आठ विकेट पर 564 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी। भारत की पारी में सबसे बड़ी साझेदारी शुभमन गिल और ऋषभ पंत के बीच चौथे विकेट के लिए हुई। दोनों बल्लेबाजों ने 169 रन जोड़कर अफगानिस्तान के गेंदबाजों को लंबे समय तक विकेट के लिए तरसाया। अफगानिस्तान की ओर से मोहम्मद सलीम सफी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने छह विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी को कुछ हद तक चुनौती दी।

मानव सुथार ने डेब्यू मैच में बिखेरा जलवा

विशाल लक्ष्य के जवाब में उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा। सबसे ज्यादा चर्चा डेब्यू कर रहे बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार की रही। जिन्होंने अपने टेस्ट करियर के पहले ही ओवर में विकेट हासिल कर इतिहास रच दिया। वह टेस्ट डेब्यू के पहले ओवर में विकेट लेने वाले भारत के आठवें गेंदबाज बन गए। इससे पहले यह उपलब्धि 2001 में टीनू योहानन ने हासिल की थी। सुथार ने अब्दुल मलिक, रहमानुल्लाह गुरबाज और अफसर जजई को आउट कर अफगानिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उनकी सटीक लाइन-लेंथ और टर्न ने बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया। वहीं तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने भी प्रभावी गेंदबाजी करते हुए कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी और सेदीकुल्लाह अटल को पवेलियन भेजा।

451 रन की बढ़त के साथ भारत मजबूत स्थिति में

दिन का खेल समाप्त होने तक अफगानिस्तान ने 113 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। रहमत शाह 43 रन बनाकर नाबाद लौटे और टीम को संभालने का प्रयास करते रहे। लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। अफगानिस्तान की टीम अभी भी भारत के विशाल स्कोर से 451 रन पीछे है और फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा है। भारतीय टीम की नजर अब तीसरे दिन जल्दी से जल्दी अफगानिस्तान की पहली पारी समेटकर मैच पर पूरी तरह कब्जा जमाने पर होगी। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत जीत की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ता नजर आ रहा है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।