भारतीय महिला टीम ने लॉर्ड्स में रचा इतिहास: इंग्लैंड को 270 रन से हराया, यास्तिका भाटिया का शानदार शतक

9 घंटे पहले
इंग्लैंड को 270 रन से हराया, यास्तिका भाटिया का शानदार शतक

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने लॉर्ड्स में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में इंग्लैंड को 270 रन से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। पहली बार इस प्रतिष्ठित मैदान पर महिला टेस्ट खेलने उतरी टीम इंडिया ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में शानदार प्रदर्शन किया। 457 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की पूरी टीम 186 रन पर सिमट गई। इस हार के साथ इंग्लैंड की टैमी ब्यूमोंट और हीदर नाइट अपने अंतिम टेस्ट मुकाबले को जीत के साथ विदाई नहीं दे सकीं।

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने पहली पारी में 285 रन बनाए। शीर्ष क्रम की बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने 83 रन की अहम पारी खेली, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 58 और दीप्ति शर्मा ने 57 रन का योगदान दिया। जवाब में इंग्लैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 170 रन पर सिमट गई। तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट अपने नाम किए और भारत को पहली पारी में 115 रन की महत्वपूर्ण बढ़त दिलाई।

इंग्लैंड के सामने 457 रन का लक्ष्य

पहली पारी की बढ़त के बाद दूसरी पारी में भी भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा। यास्तिका भाटिया ने 158 गेंदों पर 113 रन की बेहतरीन शतकीय पारी खेली। उनके अलावा स्मृति मंधाना ने 70 रन बनाए। जबकि ऋचा घोष ने 50 रन बनाकर नाबाद वापसी की। इन पारियों की बदौलत भारत ने सात विकेट पर 341 रन बनाकर पारी घोषित कर दी और इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 457 रन का विशाल लक्ष्य रखा। भारतीय बल्लेबाजों के आक्रामक और संयमित खेल ने मुकाबले पर पूरी तरह पकड़ बना ली।

गेंदबाजों ने दिलाई ऐतिहासिक जीत

457 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम दूसरी पारी में भी दबाव से नहीं निकल सकी। एमी जोन्स और सोफी एक्लेस्टोन ने अर्धशतक जरूर लगाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। पूरी टीम 186 रन पर ऑलआउट हो गई और भारत ने मुकाबला 270 रन से अपने नाम कर लिया। भारतीय गेंदबाजी आक्रमण में स्नेह राणा ने चार विकेट लेकर निर्णायक भूमिका निभाई। वहीं सयाली सतघरे, क्रांति गौड़ और दीप्ति शर्मा ने दो-दो विकेट हासिल किए। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने लॉर्ड्स में अपना पहला टेस्ट ऐतिहासिक अंदाज में जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। पुरुष टीम इससे पहले 1986, 2014 और 2021 में लॉर्ड्स टेस्ट जीत चुकी है। वहीं, महिला टीम ने अपने पहले ही टेस्ट में यह उपलब्धि हासिल कर इतिहास रच दिया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।