क्लीन स्वीप पर भारत की नजर: चेन्नई में आज अफगानिस्तान से तीसरा वनडे, बारिश बन सकती है चुनौती

1 घंटा पहले
चेन्नई में आज अफगानिस्तान से तीसरा वनडे, बारिश बन सकती है चुनौती

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे श्रृंखला का तीसरा और अंतिम मुकाबला आज चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेला जाएगा। दोपहर 1:30 बजे शुरू होने वाले इस मुकाबले में भारतीय टीम सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त के साथ मैदान पर उतरेगी। भारत की नजर क्लीन स्वीप पर होगी। हालांकि मैच से पहले मौसम को लेकर चिंता बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार चेन्नई में आज करीब 55 प्रतिशत बारिश की संभावना है। इससे मुकाबले पर असर पड़ सकता है।

भारत और अफगानिस्तान के बीच अब तक छह वनडे मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें भारत ने पांच मैच जीते हैं। वहीं, एक मुकाबला टाई रहा है। अफगानिस्तान आज तक भारत के खिलाफ कोई वनडे मैच नहीं जीत सका है। वर्ष 2018 में दोनों टीमों के बीच खेला गया मुकाबला टाई रहा था। मौजूदा श्रृंखला दोनों देशों के बीच पहली द्विपक्षीय वनडे सीरीज है। इसमें भारतीय टीम का दबदबा साफ तौर पर देखने को मिला है।

बल्लेबाजों ने दिखाया दम, बरार ने चमकाई गेंदबाजी

भारतीय बल्लेबाज शानदार लय में नजर आ रहे हैं। टीम में वापसी करने वाले ईशान किशन ने दूसरे वनडे में 79 गेंदों पर 125 रन की विस्फोटक पारी खेलकर अपनी उपयोगिता साबित की। कप्तान शुभमन गिल भी बेहतरीन फॉर्म में हैं। उन्होंने पहले मैच में नाबाद 84 रन बनाए थे। वहीं, दूसरे मुकाबले में 154 रन की यादगार पारी खेली। पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 48 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। गेंदबाजी विभाग में इंटरनेशनल क्रिकेट में पदार्पण करने वाले गुरनूर बरार सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए हैं। वह अब तक श्रृंखला में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। तीसरे मुकाबले में भी उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

गुरबाज अफगानिस्तान की सबसे बड़ी उम्मीद

अफगानिस्तान की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने दो मैचों में 143 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 170 से अधिक रहा है। श्रृंखला में उनके नाम एक शतक भी दर्ज है। गेंदबाजी में नांगेलिया खरोटे ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए अपने एकमात्र मैच में चार विकेट हासिल किए हैं।

नीतीश रेड्डी की वापसी संभव, हर्षित भी टीम में

लखनऊ वनडे से बाहर रहे सीम गेंदबाजी ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी ने शुक्रवार को नेट्स में बिना किसी परेशानी के गेंदबाजी की। ऐसे में उनके अंतिम मुकाबले में वापसी करने की संभावना जताई जा रही है। वहीं घुटने की सर्जरी से उबरने के बाद तेज गेंदबाज हर्षित राणा को भी टीम में शामिल किया गया है। हालांकि उन्हें तुरंत प्लेइंग इलेवन में मौका मिलने की संभावना कम मानी जा रही है।

स्पिनरों को मिल सकती है मदद

चेपॉक की पिच पारंपरिक रूप से स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। हालांकि शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को भी कुछ सहायता मिल सकती है। रिपोर्ट के अनुसार मुकाबला लाल मिट्टी वाली पिच नंबर चार पर खेला जाएगा। जहां अतिरिक्त उछाल मिलने की संभावना है। इस मैदान पर अब तक 28 वनडे मैच खेले जा चुके हैं। इनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 15 और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने 12 मुकाबले जीते हैं। वहीं, एक मैच बेनतीजा रहा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।