IPL 2026 फाइनल आज: दूसरी ट्रॉफी की जंग में आमने-सामने बेंगलुरु और गुजरात, कोहली-गिल पर रहेंगी करोड़ों नजरें

आईपीएल 2026 को रविवार को नया चैंपियन मिलने जा रहा है। दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम नरेंद्र मोदी स्टेडियम में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के पास दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचने का अवसर है। बेंगलुरु ने पिछले सीजन अपना पहला खिताब जीतकर वर्षों का इंतजार समाप्त किया था। वहीं गुजरात टाइटंस ने 2022 में अपने डेब्यू सीजन में ही चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। ऐसे में यह मुकाबला केवल ट्रॉफी की लड़ाई नहीं है। दो मजबूत फ्रेंचाइजी के वर्चस्व की जंग भी माना जा रहा है।
फाइनल से पहले आंकड़े बेंगलुरु के पक्ष में दिखाई दे रहे हैं। पिछले आठ आईपीएल फाइनल में क्वालिफायर-1 जीतने वाली टीम ही चैंपियन बनी है। इस बार बेंगलुरु ने क्वालिफायर-1 जीतकर सीधे फाइनल में जगह बनाई है। वहीं गुजरात को फाइनल तक पहुंचने के लिए क्वालिफायर-2 का रास्ता तय करना पड़ा। एक और दिलचस्प तथ्य यह है कि आईपीएल इतिहास में फाइनल मुकाबलों में 200 से अधिक रन का लक्ष्य आज तक सफलतापूर्वक हासिल नहीं किया गया है। ऐसे में टॉस, पिच और पहली पारी का स्कोर इस मुकाबले में निर्णायक भूमिका निभा सकता है। दोनों टीमों के बीच इस सीजन में तीन मुकाबले खेले गए हैं। लीग चरण में दोनों टीमों ने एक-एक जीत दर्ज की। क्वालिफायर-1 में बेंगलुरु ने गुजरात को 92 रन से हराकर अपना दबदबा साबित किया था। हालांकि गुजरात ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार वापसी करने की क्षमता दिखाई है। यही वजह है कि फाइनल को लेकर रोमांच चरम पर है।
कोहली और गिल के बल्ले पर टिकी रहेंगी उम्मीदें
फाइनल में सबसे बड़ी नजरें दो स्टार बल्लेबाजों पर होंगी। बेंगलुरु के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली इस सीजन में 600 रन बना चुके हैं। बड़े मुकाबलों में उनकी भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। दूसरी ओर गुजरात के कप्तान शुभमन गिल शानदार फॉर्म में हैं। 15 मैचों में 722 रन बनाकर टूर्नामेंट के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल हैं। हाल ही में उन्होंने राजस्थान के खिलाफ शतकीय पारी खेलकर अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाया था। गुजरात के लिए साई सुदर्शन भी लगातार रन बना रहे हैं। 700 से अधिक रन अपने नाम कर चुके हैं। गेंदबाजी में कगिसो रबाडा टीम की सबसे बड़ी ताकत हैं। जिन्होंने इस सीजन 28 विकेट झटके हैं। वहीं बेंगलुरु की ओर से रजत पाटीदार और भुवनेश्वर कुमार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। पाटीदार ने क्वालिफायर-1 में मैच जिताऊ पारी खेली थी। भुवनेश्वर 26 विकेट लेकर पर्पल कैप की दौड़ में मजबूती से बने हुए हैं।
पिच और फिटनेस फैक्टर भी होंगे अहम
नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच इस सीजन संतुलित रही है। बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को मदद मिली है। हालांकि बड़े मैच के दबाव में रणनीति और परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने वाली टीम को फायदा मिल सकता है। गुजरात के लिए मोहम्मद सिराज की फिटनेस चिंता का विषय बनी हुई है। क्वालिफायर-2 के दौरान उनके कंधे में परेशानी देखी गई थी। क्रिकेट एक्सपर्ट्स का मानना है कि दोनों टीमों के बीच मुकाबला बेहद करीबी हो सकता है। एक ओर अनुभव और आत्मविश्वास से भरपूर बेंगलुरु है। दूसरी ओर युवा ऊर्जा और आक्रामक क्रिकेट खेलने वाली गुजरात टाइटंस। ऐसे में करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें आज अहमदाबाद पर टिकी रहेंगी। शाम होते-होते आईपीएल 2026 के नए अध्याय की इबारत लिखी जाएगी।











