IPL में आज लखनऊ-बेंगलुरु की टक्कर: हार का सिलसिला तोड़ने उतरेगी LSG, इकाना में RCB का दबदबा

आईपीएल 2026 में आज लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। मैच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। टॉस शाम सात बजे होगा। एक तरफ रजत पाटीदार की कप्तानी वाली आरसीबी प्लेऑफ की रेस मजबूत करना चाहेगी, वहीं दूसरी तरफ लगातार हार से जूझ रही लखनऊ सुपर जायंट्स सम्मान बचाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। क्रिकेट फैंस की नजरें विराट कोहली, ऋषभ पंत और निकोलस पूरन जैसे स्टार खिलाड़ियों पर टिकी रहेंगी।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस समय पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है। टीम के 12 अंक हैं, लेकिन कई अन्य टीमें भी बराबरी पर चल रही हैं। ऐसे में हर मैच बेहद अहम हो गया है। पिछले मुकाबले में गुजरात टाइटंस से हार मिलने के बाद बेंगलुरु अब वापसी करना चाहेगी। टीम का नेट रन रेट भी प्रभावित हुआ है। ऐसे में RCB सिर्फ जीत ही नहीं, बड़ी जीत की कोशिश करेगी। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स का हाल बेहद खराब रहा है। टीम लगातार छह मुकाबले हार चुकी है। कप्तान ऋषभ पंत की रणनीतियां सवालों के घेरे में हैं। बल्लेबाजी में लगातार बदलाव टीम पर भारी पड़ा है। अब इकाना में घरेलू दर्शकों के सामने टीम जीत की तलाश में उतरेगी। हालांकि प्लेऑफ की उम्मीदें लगभग खत्म मानी जा रही हैं।
विराट की फॉर्म बनी ताकत
RCB के लिए सबसे बड़ी ताकत विराट कोहली की शानदार फॉर्म है। विराट इस सीजन में 379 रन बना चुके हैं और टीम के सबसे सफल बल्लेबाज हैं। उनके अलावा देवदत्त पडिक्कल और कप्तान रजत पाटीदार भी मध्यक्रम में मजबूत प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि फिल सॉल्ट की चोट टीम के लिए बड़ा झटका है। उनकी गैरमौजूदगी में युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल पर जिम्मेदारी बढ़ गई है। गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की जोड़ी शानदार लय में है। दोनों नई गेंद से लगातार विकेट निकाल रहे हैं। स्पिन विभाग में क्रुणाल पांड्या भी असरदार साबित हुए हैं। पिछले मैच में टीम की बल्लेबाजी जरूर लड़खड़ा गई थी, लेकिन गेंदबाजों ने पूरे सीजन में टीम को मजबूती दी है।
लखनऊ की फ्लॉप बल्लेबाजी
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए इस सीजन में सबसे बड़ी परेशानी बल्लेबाजी रही है। मिचेल मार्श, एडन मार्करम और निकोलस पूरन जैसे बड़े नाम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। कप्तान ऋषभ पंत भी रन बनाने में संघर्ष करते दिखे हैं। टीम लगातार शुरुआती विकेट गंवा रही है, जिससे मध्यक्रम पर दबाव बढ़ जाता है। गेंदबाजी में प्रिंस यादव और मोहसिन खान ने जरूर प्रभावित किया है। दोनों ने टीम के लिए विकेट निकाले हैं। लेकिन डेथ ओवर्स में रन रोकने में टीम पूरी तरह फेल रही है। मोहम्मद शमी की खराब फॉर्म भी चिंता का कारण बनी हुई है। ऐसे में आज इकाना में लखनऊ के गेंदबाजों की असली परीक्षा होगी।
इकाना में RCB का रिकॉर्ड मजबूत
अब तक आईपीएल में दोनों टीमों के बीच सात मुकाबले हुए हैं। इनमें पांच बार बेंगलुरु ने जीत दर्ज की है, जबकि लखनऊ सिर्फ दो मैच जीत सकी है। इकाना स्टेडियम में दोनों टीमें दो बार भिड़ीं और दोनों बार RCB ने जीत हासिल की। ऐसे में आंकड़े भी बेंगलुरु के पक्ष में नजर आ रहे हैं। इकाना की पिच स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां अब तक 26 आईपीएल मैच खेले गए हैं। चेज करने वाली टीमों का रिकॉर्ड बेहतर रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक मैच के दौरान हल्के बादल छाए रह सकते हैं। बारिश की संभावना भी करीब 25 प्रतिशत बताई गई है।
संभावित प्लेइंग-11
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु:
रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, जैकब बेथेल, जितेश शर्मा, टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा, रोमारियो शेफर्ड।
लखनऊ सुपर जायंट्स:
ऋषभ पंत (कप्तान), निकोलस पूरन, मिचेल मार्श, एडन मार्करम, आयुष बडोनी, मोहम्मद शमी, मोहसिन खान, प्रिंस यादव, आवेश खान, शाहबाज अहमद, अब्दुल समद।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










