धोनी की वापसी से चेन्नई को बढ़त?: आज गुजरात से होगी भिड़ंत, चेन्नई की फॉर्म मजबूत

आईपीएल 2026 का 37वां मुकाबला आज सीएसके और जीटी के बीच खेला जाएगा। मैच दोपहर 3:30 बजे चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में होगा। इस मुकाबले की सबसे बड़ी चर्चा महेंद्र सिंह धोनी की संभावित वापसी को लेकर है। धोनी इस सीजन अभी तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं। अगर वे आज उतरते हैं तो टीम को बड़ा बूस्ट मिल सकता है।
चेन्नई सुपर किंग्स ने हाल के मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है। टीम ने पिछले चार में से तीन मुकाबले जीते हैं। पॉइंट्स टेबल में टीम पांचवें स्थान पर है। बल्लेबाजी में संजू सैमसन शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने इस सीजन दो शतक लगाए हैं और अब तक 293 रन बना चुके हैं। हालांकि, मिडिल ऑर्डर अब भी चिंता का विषय बना हुआ है। शिवम दुबे, सरफराज खान और ब्रेविस अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पा रहे हैं। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ भी खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं जो टीम के लिए चिंता की बात है। गेंदबाजी में अंशुल कंबोज 14 विकेट के साथ पर्पल कैप की रेस में आगे हैं। उनके अलावा नूर अहमद और ओवरटन भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
गुजरात की उम्मीद गिल और सुदर्शन पर
गुजरात टाइटंस का प्रदर्शन इस सीजन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। टीम फिलहाल सातवें स्थान पर है और नेट रन रेट (-0.790) कमजोर है। कप्तान शुभमन शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 297 रन बनाए हैं और स्ट्राइक रेट भी बेहतरीन है। उनके साथ सुदर्शन ने भी शानदार बल्लेबाजी की है। उन्होंने इस सीजन एक शतक लगाया है। हालांकि, टीम के मिडिल और डेथ ओवर्स में रन बनाने की समस्या साफ दिखी है। गेंदबाजी में सिराज, रबाडा और कृष्णा जैसे बड़े नाम हैं लेकिन निरंतरता की कमी टीम को नुकसान पहुंचा रही है। स्पिन में रासीद खान ही मुख्य हथियार हैं।
हेड-टु-हेड: कांटे की टक्कर
दोनों टीमों के बीच अब तक आठ मुकाबले खेले गए हैं। इसमें दोनों ने चार-चार मैच जीते हैं। यानी मुकाबला पूरी तरह बराबरी का रहा है। पिछले सीजन में चेन्नई ने अहमदाबाद में 83 रन से बड़ी जीत दर्ज की थी। इससे टीम का मनोबल ऊंचा रहेगा।
चेपॉक पिच रिपोर्ट: स्पिनर्स का दबदबा
चेन्नई का चेपॉक स्टेडियम हमेशा से स्पिन फ्रेंडली माना जाता है। यहां की पिच धीमी होती है। मैच आगे बढ़ने के साथ बल्लेबाजी मुश्किल हो जाती है। ऐसे में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को फायदा मिलता है। अब तक यहां आईपीएल के 94 मैच खेले गए हैं। इनमें 53 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं। जबकि 41 मैच चेज करने वाली टीम के नाम रहे हैं।
संभावित टीम
दोनों टीमों की संभावित टीम लगभग तय मानी जा रही है। चेन्नई की ओर से गायकवाड़, सैमसन, दुबे जैसे खिलाड़ी दिखेंगे जबकि गुजरात की ओर से गिल, सुदर्शन और बटलर पर नजर रहेगी।
मैच का फोकस: धोनी फैक्टर
इस मैच का सबसे बड़ा एक्स-फैक्टर महेंद्र सिंह धोनी की वापसी हो सकती है। अगर धोनी मैदान पर उतरते हैं तो न सिर्फ टीम का बैलेंस सुधरेगा बल्कि फैंस का उत्साह भी चरम पर होगा। कुल मिलाकर यह मुकाबला बराबरी का है। चेन्नई फॉर्म में है, जबकि गुजरात वापसी की तलाश में। अब देखना दिलचस्प होगा कि चेपॉक में किसका दबदबा रहता है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










