ईशान किशन की विस्फोटक पारी से प्लेऑफ में हैदराबाद: चेन्नई को चेपॉक में पांच विकेट से हराया, गुजरात टाइटंस को भी मिला फायदा

19 मई 2026
चेन्नई को चेपॉक में पांच विकेट से हराया, गुजरात टाइटंस को भी मिला फायदा

आईपीएल 2026 के बेहद अहम मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीएसके को उसके होम ग्राउंड में पांच विकेट से हरा दिया। जीत के नायक बने विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन। जिन्होंने दबाव भरे मुकाबले में 70 रनों की दमदार पारी खेलकर टीम को प्लेऑफ का टिकट दिलाया। चेन्नई द्वारा दिए गए 181 रनों के लक्ष्य को हैदराबाद ने 19 ओवर में पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ हैदराबाद के 13 मैचों में 16 अंक हो गए। टीम ने आधिकारिक रूप से प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली। हैदराबाद की जीत से गुजरात टाइटंस को भी फायदा मिला। जीटी भी अंतिम चार में पहुंच गई।

181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक तेज नहीं रही। आक्रामक बल्लेबाज ट्रेविस हेड शुरुआत से ही संघर्ष करते नजर आए और तीसरे ओवर में मात्र छह रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि इसके बाद ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता का संतुलन बनाते हुए टीम को शुरुआती झटके से उबारा। पावरप्ले में हैदराबाद ने एक विकेट खोकर 45 रन बनाए। अभिषेक शर्मा भी पूरी तरह लय में नहीं दिखे और 26 रन बनाकर आउट हो गए। दूसरे छोर पर ईशान किशन लगातार रन गति बनाए रखे।

क्लासेन और ईशान ने पलटा मैच

अभिषेक के आउट होने के बाद हेनरिक क्लासेन ने ईशान किशन का अच्छा साथ निभाया। दोनों बल्लेबाजों ने मध्य ओवरों में चेन्नई के गेंदबाजों पर दबाव बनाना शुरू किया। क्लासेन को 18 रन के निजी स्कोर पर जीवनदान मिला, जिसका उन्होंने भरपूर फायदा उठाया। उन्होंने तेजी से रन बटोरे और ईशान के साथ मिलकर मैच का रुख पूरी तरह हैदराबाद की ओर मोड़ दिया। दोनों के बीच तेज साझेदारी ने चेन्नई को बैकफुट पर ला दिया। हालांकि नूर अहमद ने क्लासेन को 47 रन पर स्टंप आउट कर चेन्नई को राहत दिलाई, लेकिन तब तक मैच काफी हद तक हैदराबाद की पकड़ में जा चुका था। ईशान किशन ने एक छोर संभाले रखा और बेहद परिपक्व बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत के करीब पहुंचाया। उन्होंने 47 गेंदों में छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 70 रन बनाए। जब टीम को जीत के लिए सिर्फ छह रन चाहिए थे, तभी वे आउट हो गए। अंत में स्मरण रविचंद्रन ने चौका लगाकर हैदराबाद को यादगार जीत दिलाई।

कमिंस की कप्तानी और गेंदबाजी ने डाला असर

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स को कप्तान संजू सैमसन ने तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने शुरुआती ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद के गेंदबाजों पर दबाव बनाया। लेकिन कप्तान पैट कमिंस ने शानदार वापसी करते हुए सैमसन को आउट कर मैच का रुख बदल दिया। कमिंस ने अपनी सटीक गेंदबाजी से चेन्नई के शीर्ष क्रम को लगातार झटके दिए। उन्होंने चार ओवर में 28 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।

ब्रेविस और शिवम ने की पारी संभालने की कोशिश

मध्यक्रम में डेवाल्ड ब्रेविस और शिवम दुबे ने उपयोगी पारियां खेलते हुए चेन्नई को संभालने की कोशिश की। ब्रेविस ने 44 रन बनाकर टीम को प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। हालांकि हैदराबाद के गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में शानदार नियंत्रण दिखाया और चेन्नई को सात विकेट पर 180 रन तक ही सीमित रखा। अंततः ईशान किशन की मैच जिताऊ पारी और कमिंस की प्रभावी कप्तानी के दम पर हैदराबाद ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए प्लेऑफ में धमाकेदार एंट्री कर ली।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

वेबसाइट पर ही पढ़ें