कोलकाता ने मुंबई को हराकर प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखीं: ईडन गार्डन्स में केकेआर की शानदार वापसी, पंजाब और राजस्थान की बढ़ी टेंशन

इंडियन प्रीमियर लीग के बेहद अहम मुकाबले में केकेआर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एमआई को चार विकेट से हराकर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को बरकरार रखा है। ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में कोलकाता के गेंदबाजों ने पहले मुंबई की मजबूत बल्लेबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया, जिसके बाद बल्लेबाजों ने दबाव में संयम दिखाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ कोलकाता ने वानखेड़े में मिली हार का बदला भी पूरा कर लिया, वहीं इस नतीजे ने पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी कोलकाता की टीम ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बना ली। कप्तान रहाणे का स्पिन से गेंदबाजी शुरू कराने का फैसला कारगर साबित हुआ। तीसरे ओवर में आए कैमरन ग्रीन ने पहले रयान रिकल्टन और फिर नमन धीर को आउट कर मुंबई को शुरुआती झटके दिए। इसके बाद तेज गेंदबाज सौरभ दुबे ने रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव को पवेलियन भेजकर मुंबई की हालत और खराब कर दी। पावरप्ले में ही मुंबई ने चार विकेट गंवा दिए और टीम केवल 46 रन ही जोड़ सकी।
कॉर्बिन बॉश ने बचाई लाज
कोलकाता के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के सामने मुंबई के बड़े बल्लेबाज पूरी तरह संघर्ष करते नजर आए। रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्याजैसे धाकड़ खिलाड़ी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। निचले क्रम में कॉर्बिन बॉश ने जरूर 18 गेंदों पर नाबाद 32 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। मुंबई की टीम निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 147 रन ही बना सकी। कोलकाता की ओर से कैमरन ग्रीन, सौरभ दुबे और कार्तिक त्यागी ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि सुनील नरेन और वरूण चक्रवर्ती ने किफायती गेंदबाजी की।
बारिश ने बढ़ाई धड़कनें
मुकाबले के दौरान बारिश ने दोनों टीमों की चिंता बढ़ा दी। शाम होते-होते ईडन गार्डन्स में काले बादल छा गए और बारिश शुरू हो गई। हालांकि कुछ देर बाद खेल शुरू हो सका, लेकिन आठ ओवर के बाद फिर बारिश ने मैच रोक दिया। उस समय तक मुंबई चार विकेट गंवा चुकी थी और कोलकाता मजबूत स्थिति में थी। करीब एक घंटे के व्यवधान के बाद मैच दोबारा शुरू हुआ और राहत की बात यह रही कि ओवरों में कोई कटौती नहीं की गई।
मनीष पांडे बने संकटमोचक
148 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की शुरुआत भी खराब रही। सलामी बल्लेबाज फिन एलन पहले ही ओवर में आउट हो गए। इसके बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे और अनुभवी बल्लेबाज मनीष पांडे ने पारी संभाली। रहाणे के आउट होने के बाद पांडे ने जिम्मेदारी लेते हुए शानदार 45 रन बनाए और टीम को मुश्किल हालात से बाहर निकाला। बाद में रोवमैन पॉवेल ने भी 40 रनों की उपयोगी पारी खेली। अंत में रिंकू सिंह ने विजयी शॉट लगाकर टीम को चार विकेट से जीत दिलाई।
रोमांचक हो गई प्लेऑफ की जंग
इस जीत के साथ कोलकाता के अंक तालिका में 13 अंक हो गए हैं, जिससे प्लेऑफ की जंग और रोमांचक हो गई है। अब पंजाब और राजस्थान को अपने अंतिम मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा, क्योंकि कोलकाता ने आखिरी वक्त में समीकरण पूरी तरह बदल दिए हैं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
वेबसाइट पर ही पढ़ें








