प्लेऑफ की उम्मीद बचाने उतरेगा कोलकाता: मुंबई बिगाड़ सकती है समीकरण, ईडन गार्डन्स में आज होगा हाई-वोल्टेज मुकाबला

आईपीएल 2026 का 65वां मुकाबला बुधवार शाम कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा। प्लेऑफ की दौड़ बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुकी है। ऐसे में यह मुकाबला कोलकाता के लिए करो या मरो जैसा बन गया है। टीम फिलहाल 12 मैचों में 11 अंक लेकर अंक तालिका में आठवें स्थान पर मौजूद है। दूसरी ओर मुंबई इंडियंस पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। टीम अपने आखिरी मुकाबलों में सम्मानजनक प्रदर्शन कर दूसरी टीमों का खेल बिगाड़ने की कोशिश करेगी।
कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए सिर्फ जीत हासिल करना ही काफी नहीं होगा। टीम को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा। बेंगलुरु, गुजरात और हैदराबाद पहले ही अंतिम चार में जगह बना चुके हैं, जबकि एक स्थान के लिए पंजाब, राजस्थान, चेन्नई, दिल्ली और कोलकाता के बीच संघर्ष जारी है। पंजाब किंग्स के 13 अंक हैं, जबकि राजस्थान, चेन्नई और दिल्ली के खाते में 12-12 अंक मौजूद हैं। ऐसे में कोलकाता को अपने दोनों मैच जीतने के साथ प्रतिद्वंद्वी टीमों की हार की भी उम्मीद करनी होगी।
शानदार लय में है केकेआर की बल्लेबाजी
टीम की बल्लेबाजी इस समय शानदार लय में दिखाई दे रही है। ओपनर फिन एलन ने हालिया मुकाबलों में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए एक शतक और 35 गेंदों में 93 रन की विस्फोटक पारी खेली है। युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी लगातार रन बना रहे हैं और वह टीम के टॉप स्कोरर भी हैं। वहीं उपकप्तान रिंकू सिंह मध्यक्रम में भरोसेमंद भूमिका निभा रहे हैं। गेंदबाजी विभाग में कार्तिक त्यागी ने सबसे अधिक विकेट लेकर टीम को कई अहम मौकों पर सफलता दिलाई है।
हार्दिक की वापसी संभव
मुंबई इंडियंस भले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी हो, लेकिन टीम इस मुकाबले में पूरी ताकत के साथ उतरने वाली है। कप्तान हार्दिक पंड्या की वापसी की संभावना जताई जा रही है। चोट के कारण वह पिछले तीन मैचों से बाहर थे, लेकिन सोमवार को उन्होंने नेट्स में अभ्यास किया। हालांकि व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिहाज से यह सीजन हार्दिक के लिए बेहद निराशाजनक रहा है। उन्होंने आठ पारियों में सिर्फ 146 रन बनाए हैं और गेंदबाजी में भी अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ सके हैं। मुंबई के लिए रायन रिकेल्टन इस सीजन सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं, जबकि युवा गेंदबाज अल्लाह गजनफर ने विकेट लेने में अहम भूमिका निभाई है। टीम को हालांकि बड़ा झटका विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक और ऑलराउंडर राज अंगद बावा के रूप में लगा है, जो चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
बल्लेबाजों के लिए रहेगी मदद
ईडन गार्डन्स की पिच पर पारंपरिक रूप से बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिलता है। सपाट विकेट, तेज आउटफील्ड और छोटी बाउंड्री के कारण यहां बड़े स्कोर आम बात हैं। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को हल्की स्विंग मिल सकती है, लेकिन मैच आगे बढ़ने के साथ बल्लेबाज खुलकर शॉट खेलते हैं। अब तक यहां 105 आईपीएल मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने 59 मैच जीते हैं। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
वेबसाइट पर ही पढ़ें








