कोनोली का तूफानी शतक; पंजाब की हार: क्लासेन-ईशान की विस्फोटक बल्लेबाजी, हैदराबाद 33 रन से जीतकर बनी टेबल टॉपर

आईपीएल 2026 के 49वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स को 33 रन से हराकर पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल कर लिया। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में बल्लेबाजों ने जमकर रन बरसाए। पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने 20 ओवर में चार विकेट पर 235 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में पंजाब किंग्स की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 202 रन ही बना सकी। पंजाब के लिए कूपर कोनोली ने शानदार शतक जरूर लगाया, लेकिन उनकी पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद को अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआती ओवरों में ही पंजाब के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 13 गेंदों में 35 रन की तेज पारी खेली। उन्होंने दो चौके और चार लंबे छक्के लगाए। वहीं ट्रेविस हेड ने 19 गेंदों में 38 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने पावरप्ले में ही मैच का मोमेंटम हैदराबाद की ओर मोड़ दिया। हालांकि पंजाब को पहली सफलता लॉकी फर्ग्यूसन ने दिलाई। उन्होंने अभिषेक शर्मा को आउट कर साझेदारी तोड़ी। इसके बाद युजवेंद्र चहल ने ट्रेविस हेड को पवेलियन भेजकर पंजाब की वापसी की कोशिश की, लेकिन इसके बाद ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने मोर्चा संभाल लिया।
ईशान-क्लासेन ने पंजाब के गेंदबाजों की उड़ाई धज्जियां
ईशान किशन ने एक बार फिर आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने 32 गेंदों में 55 रन बनाए। इस दौरान दो चौके और चार छक्के लगाए। ईशान को जीवनदान भी मिला, जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया। उन्होंने इस सीजन की अपनी चौथी फिफ्टी पूरी की। दूसरी तरफ हेनरिक क्लासेन ने भी पंजाब के गेंदबाजों पर कहर बरपाया। क्लासेन ने 33 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 69 रन की धमाकेदार पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी के सामने पंजाब के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। आखिरी ओवरों में नीतीश रेड्डी ने 29 रन बनाकर टीम को 235 रन तक पहुंचा दिया।
पंजाब की शुरुआत खराब
236 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान पैट कमिंस ने पहले ही ओवर में प्रियांश आर्य को आउट कर दिया। अगले ही ओवर में प्रभसिमरन सिंह भी पवेलियन लौट गए। कप्तान श्रेयस अय्यर भी सिर्फ पांच रन बनाकर आउट हो गए। शुरुआती झटकों से पंजाब की टीम दबाव में आ गई। मार्कस स्टोइनिस ने जरूर तेज रन बनाने की कोशिश की। उन्होंने 14 गेंदों में 28 रन बनाए, लेकिन शिवांग कुमार ने उनका विकेट लेकर पंजाब की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया। इसके बाद सूर्यांश शेडगे और कूपर कोनोली ने पारी संभालने की कोशिश की।
कूपर कोनोली का पहला टी-20 शतक
पंजाब की तरफ से सबसे बड़ी लड़ाई कूपर कोनोली ने लड़ी। उन्होंने अकेले दम पर मैच को दिलचस्प बना दिया। कोनोली ने 57 गेंदों में अपने टी-20 करियर का पहला शतक पूरा किया। वह 107 रन बनाकर नाबाद लौटे। उनकी पारी में शानदार चौके और लंबे छक्के शामिल रहे। आखिरी ओवर तक उन्होंने हार नहीं मानी, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें सहयोग नहीं मिला। मार्को यानसेन ने 19 रन जरूर बनाए, लेकिन टीम जीत से दूर रह गई। हैदराबाद के गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और पंजाब को 202 रन पर रोक दिया।
पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंची SRH
इस जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद ने पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल कर लिया। टीम के अब 14 अंक हो गए हैं। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में संतुलित प्रदर्शन ने हैदराबाद को इस सीजन की सबसे मजबूत टीमों में शामिल कर दिया है। वहीं पंजाब किंग्स की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। लगातार हार के बाद टीम की प्लेऑफ की राह अब बेहद कठिन हो गई है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










