करो या मरो के मुकाबले में पंजाब की परीक्षा आज: इकाना में लखनऊ से भिड़ंत, होम ग्राउंड पर सम्मान बचाने खेलेगी LSG

इंडियन प्रीमियर लीग में शनिवार की शाम लखनऊ के इकाना स्टेडियम में एक बेहद अहम मुकाबला खेला जाएगा, जहां पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स आमने-सामने होंगी। पंजाब के लिए यह मुकाबला ‘करो या मरो’ की स्थिति जैसा बन गया है। सीजन के पहले चरण में शानदार प्रदर्शन करने वाली टीम लगातार हारों के कारण अब प्लेऑफ की दौड़ में पिछड़ गई है। ऐसे में पंजाब को न सिर्फ लखनऊ के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी, बल्कि रविवार को होने वाले अन्य मुकाबलों के नतीजों पर भी नजर रखनी पड़ेगी। दूसरी ओर लखनऊ सुपर जायंट्स पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है, लेकिन टीम अपने घरेलू दर्शकों के सामने जीत के साथ टूर्नामेंट का समापन करना चाहेगी।
आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक सात मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें पंजाब ने चार और लखनऊ ने तीन मैच जीते हैं। इस सीजन दोनों टीमें दूसरी बार आमने-सामने होंगी। इससे पहले खेले गए मुकाबले में पंजाब ने लखनऊ को मात दी थी। ऐसे में पंजाब मानसिक बढ़त के साथ मैदान पर उतरेगी। हालांकि, लगातार छह हार के बाद टीम का आत्मविश्वास दबाव में दिखाई दे रहा है। शुरुआती सात मैचों में छह जीत दर्ज करने वाली पंजाब अब लगातार हार के कारण मुश्किल हालात में पहुंच चुकी है।
लखनऊ की बल्लेबाजी पर रहेंगी नजरें
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस की फॉर्म सबसे बड़ी सकारात्मक खबर है। पिछले मुकाबले में दोनों बल्लेबाजों ने विस्फोटक साझेदारी कर टीम को तेज शुरुआत दिलाई थी। वहीं निकोलस पूरन पिछले कुछ मैचों में बड़ी पारी नहीं खेल सके हैं, लेकिन इकाना की धीमी पिच पर उनसे एक जिम्मेदार पारी की उम्मीद रहेगी। कप्तान ऋषभ पंत का प्रदर्शन भी इस सीजन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। उन्होंने पूरे सीजन में सिर्फ एक अर्धशतक लगाया है। ऐसे में घरेलू मैदान पर पंत बड़ी पारी खेलकर आलोचकों को जवाब देना चाहेंगे।
पंजाब की चिंता बनी बल्लेबाजी और फील्डिंग
पंजाब किंग्स की सबसे बड़ी परेशानी उसकी खराब बल्लेबाजी बन चुकी है। सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह लगातार फ्लॉप रहे हैं। कप्तान श्रेयस अय्यर भी पिछले कुछ मुकाबलों में प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं। मिडिल ऑर्डर की नाकामी और खराब फील्डिंग ने टीम की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह और लॉकी फर्ग्यूसन पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। वहीं युजवेंद्र चहल को इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतारा जा सकता है।
इकाना की पिच पर स्पिनरों का रहेगा दबदबा
लखनऊ के इकाना स्टेडियम की पिच अन्य मैदानों की तुलना में धीमी मानी जाती है। यहां स्पिन गेंदबाजों को काफी मदद मिलती है और बड़े शॉट लगाना आसान नहीं होता। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को भी स्विंग और मूवमेंट मिलती है। यही वजह है कि यहां औसतन स्कोर 165 से 170 रन के बीच रहता है। आंकड़े बताते हैं कि इस मैदान पर लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को ज्यादा सफलता मिली है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









