मेसी का ऐतिहासिक शो: वर्ल्ड कप में पहली हैट्रिक से अर्जेंटीना की शानदार जीत, 3-0 से अल्जीरिया को हराया

1 घंटा पहले
वर्ल्ड कप में पहली हैट्रिक से अर्जेंटीना की शानदार जीत, 3-0 से अल्जीरिया को हराया

फुटबॉल वर्ल्ड कप में बुधवार का दिन पूरी तरह से अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी के नाम रहा। 38 वर्षीय स्टार फुटबॉलर ने अपने वर्ल्ड कप करियर की पहली हैट्रिक लगाकर इतिहास रच दिया। मेसी ने अर्जेंटीना को अल्जीरिया के खिलाफ 3-0 की शानदार जीत दिलाई। कैनसस सिटी के एरोहेड स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-जे मुकाबले में मेसी ने 17वें, 60वें और 76वें मिनट में गोल दागकर न सिर्फ टीम को जीत दिलाई। साथ ही कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए। इस जीत के साथ अर्जेंटीना अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है। अब उसका अगला मुकाबला 22 जून को ऑस्ट्रिया से होगा।

इस मुकाबले से पहले मेसी के नाम वर्ल्ड कप इतिहास में 13 गोल दर्ज थे। अल्जीरिया के खिलाफ हैट्रिक लगाकर उन्होंने अपने गोलों की संख्या 16 तक पहुंचा दी। मेसी ने जर्मनी के महान स्ट्राइकर मिरोस्लाव क्लोजे के सर्वाधिक 16 वर्ल्ड कप गोल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इसके साथ ही मेसी पांच अलग-अलग वर्ल्ड कप संस्करणों में गोल करने वाले दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बन गए। इससे पहले यह उपलब्धि केवल पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के नाम दर्ज थी। यह मुकाबला मेसी के इंटरनेशनल करियर का 200वां मैच भी था। उन्होंने 2005 में अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत की थी। अब वे विश्व फुटबॉल के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल हो चुके हैं। उनसे अधिक इंटरनेशनल मैच केवल क्रिस्टियानो रोनाल्डो और कुवैत के बदर अल-मुतावा ने खेले हैं।

दूसरे हाफ में बरपा कहर

मुकाबले की शुरुआत बेहद तेज रही। शुरुआती मिनटों में मेसी और अल्जीरिया के फारिस शाइबी दोनों के गोल ऑफसाइड के कारण रद्द कर दिए गए। हालांकि 17वें मिनट में मेसी ने अपनी क्लास का शानदार प्रदर्शन करते हुए करीब 30 गज की दूरी से गेंद संभाली। डिफेंडर को छकाया और बेहतरीन कर्लिंग शॉट के जरिए अर्जेंटीना को 1-0 की बढ़त दिला दी। पहले हाफ में अल्जीरिया ने अर्जेंटीना को सीमित अवसर दिए। लेकिन दूसरे हाफ में मेसी पूरी तरह छा गए। 60वें मिनट में उन्होंने गोलकीपर द्वारा छोड़े गए रिबाउंड का फायदा उठाकर दूसरा गोल किया। इसके बाद 76वें मिनट में बॉक्स के बाहर से अपने ट्रेडमार्क कर्लिंग शॉट के जरिए हैट्रिक पूरी कर दी। मेसी के तीसरे गोल के साथ ही स्टेडियम अर्जेंटीना समर्थकों के उत्साह और नारों से गूंज उठा।

कैनसस सिटी में दिखा ‘मेसी-मेनिया’

अर्जेंटीना टीम के कैनसस सिटी पहुंचने के बाद से ही शहर में मेसी को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मैच के दिन हजारों प्रशंसक उनकी नंबर-10 जर्सी पहनकर स्टेडियम पहुंचे। शहर के विभिन्न हिस्सों में वॉच पार्टी और विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। जहां मेसी के समर्थन में नारे गूंजते रहे। वर्ल्ड कप में अपने करियर की पहली हैट्रिक लगाने वाले मेसी अब रिकॉर्ड छठा विश्व कप खेल रहे हैं। दो दशक पहले जिस दिन उन्होंने वर्ल्ड कप में पदार्पण किया था। उसी दिन यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर उन्होंने अपने सुनहरे करियर में एक और अध्याय जोड़ दिया। उनकी इस यादगार पारी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उम्र केवल एक आंकड़ा है और महान खिलाड़ी बड़े मंच पर अपनी छाप छोड़ना कभी नहीं भूलते।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।