आरआर ने मुंबई को दिया 206 रन का टारगेट: जुरेल और आर्चर की विस्फोटक बल्लेबाजी, टॉप-4 में एंट्री के लिए जीत जरूरी

आईपीएल के आखिरी डबल हेडर के पहले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस के सामने 206 रन का विशाल लक्ष्य रख दिया। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में राजस्थान ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 205 रन बनाए। राजस्थान की ओर से ध्रुव जुरेल, जोफ्रा आर्चर और दासुन शनाका ने तेजतर्रार पारियां खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वहीं मुंबई के गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में वापसी जरूर की, लेकिन डेथ ओवर्स में रन रोकने में नाकाम रहे।
राजस्थान की शुरुआत उतार-चढ़ाव भरी रही। पावरप्ले के भीतर ही टीम ने यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी और रियान पराग के विकेट गंवा दिए। हालांकि शुरुआती झटकों के बाद ध्रुव जुरेल ने पारी को संभालते हुए जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी की। जुरेल ने 26 गेंदों में 38 रन बनाए और रन गति को लगातार बनाए रखा। उन्होंने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए और मुंबई के स्पिन अटैक पर दबाव बनाया। दूसरी ओर दासुन शनाका ने भी तेजी से रन जुटाए। उन्होंने केवल 15 गेंदों में 29 रन की उपयोगी पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के बीच अहम साझेदारी हुई, जिसने राजस्थान को बड़े स्कोर की दिशा में आगे बढ़ाया। हालांकि रन लेने में हुई गलतफहमी के कारण शनाका रन आउट हो गए और टीम को बड़ा झटका लगा।
आखिरी ओवरों में राजस्थान ने बदला मैच का रंग
डेथ ओवर्स में जोफ्रा आर्चर ने बल्लेबाजी में तूफानी अंदाज दिखाया। उन्होंने सिर्फ 15 गेंदों में 32 रन ठोक दिए। आर्चर ने शार्दूल ठाकुर और कॉर्बिन बॉश के खिलाफ बड़े शॉट लगाकर मुंबई के गेंदबाजों की रणनीति बिगाड़ दी। खासतौर पर 18वें ओवर में उन्होंने एक छक्का और चौका लगाकर मैच का मोमेंटम राजस्थान की ओर मोड़ दिया। हालांकि उसी ओवर में शार्दूल ठाकुर ने शानदार वापसी करते हुए आर्चर और शुभम दुबे दोनों को आउट कर मुंबई को राहत दिलाई। पारी के अंतिम ओवर में भी राजस्थान ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। रवींद्र जडेजा को नो-बॉल पर जीवनदान मिला। जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया। फ्री-हिट पर चौका लगाने के बाद उन्होंने लगातार बाउंड्री बटोरकर स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया। नांद्रे बर्गर ने भी तेज रन जोड़ते हुए टीम को मजबूत फिनिश दिलाया।
मुंबई के गेंदबाजों ने की वापसी की कोशिश
मुंबई इंडियंस की ओर से दीपक चाहर और शार्दूल ठाकुर सबसे सफल गेंदबाज रहे। दोनों ने 2-2 विकेट हासिल किए। चाहर ने वैभव सूर्यवंशी और डोनोवान फरेरा को आउट कर राजस्थान को शुरुआती और मध्य ओवरों में झटके दिए। वहीं शार्दूल ने डेथ ओवर्स में महत्वपूर्ण विकेट लेकर राजस्थान की रफ्तार थामने की कोशिश की। विल जैक्स, अल्लाह गजनफर और कॉर्बिन बॉश को भी एक-एक सफलता मिली। अब मुकाबला पूरी तरह मुंबई के बल्लेबाजों पर आ गया है। वानखेड़े की बल्लेबाजी के अनुकूल पिच पर 206 रन का लक्ष्य चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन मुंबई की मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप को देखते हुए मुकाबला रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










