जूनियर एशिया कप में भारत का बड़ा धमाका: मलेशिया को 11-1 से रौंदा, 6 अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंची टीम

एएचएफ जूनियर एशिया कप के एलीट पूल मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने मलेशिया को 11-1 से रौंदकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारत ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए और सात अलग-अलग खिलाड़ियों ने गोल किए। टीम के चार गोल मैदानी खेल से आए, जबकि पांच गोल पेनल्टी कॉर्नर और दो पेनल्टी स्ट्रोक से किए गए। इससे पहले भारत ने टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबले में दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराया था।
भारत ने मैच के पहले ही मिनट में बढ़त बना ली। पूजा साहू ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर टीम का खाता खोला। चौथे मिनट में पूर्णिमा यादव ने गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। इसके बाद आठवें मिनट में बिनिमा धन ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया। 14वें मिनट में कृष्णा शर्मा ने भारत के खाते में एक और गोल जोड़ दिया। दूसरे क्वार्टर में 17वें मिनट पर पूर्णिमा ने पेनल्टी कॉर्नर से अपना दूसरा गोल किया। पहले हाफ के अंतिम हिस्से में भारत का आक्रमण और तेज हो गया। सुखवीर कौर ने 21वें मिनट और गीता यादव ने 28वें मिनट में गोल दागा। इस तरह मध्यांतर तक भारतीय टीम 7-0 से आगे हो गई।
मलेशिया का गोल भी नहीं रोक सका भारत
मलेशिया ने 38वें मिनट में नूर मोहम्मद के गोल से अपना खाता खोला, लेकिन भारतीय टीम की रफ्तार पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। 42वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर पूजा साहू ने अपना दूसरा गोल कर दिया। इसके अगले ही मिनट सानिका चंद्रकांत माने ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर भारत की बढ़त 9-1 कर दी।
आखिरी मिनटों में भी जारी रहा हमला
भारतीय खिलाड़ियों ने अंतिम क्वार्टरों में भी दबाव बनाए रखा। गीता यादव ने 53वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपना दूसरा गोल किया। इसके बाद 58वें मिनट में सानिका ने अपना दूसरा गोल दागा और भारत की बढ़त 11-1 कर दी। इस जीत के साथ भारत ने दो मैचों में दो जीत से छह अंक जुटा लिए हैं।
चीन दूसरे, जापान तीसरे स्थान पर
एलीट पूल की अंक तालिका में चीन और जापान तीन-तीन अंकों के साथ क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। दोनों टीमों ने एक-एक मैच जीता है, लेकिन बेहतर गोल अंतर के कारण चीन आगे है। दक्षिण कोरिया और मलेशिया को अपने दोनों मुकाबलों में हार मिली है और वे क्रमश: चौथे और पांचवें स्थान पर हैं। भारत अब आठ सितंबर को अपने तीसरे पूल मुकाबले में जापान से भिड़ेगा।











