अभिषेक के तूफान से अफगानिस्तान पस्त: 32 गेंदों पर ठोके 82 रन, भारत ने 13.4 ओवर में जीता मैच

32 गेंदों पर ठोके 82 रन, भारत ने 13.4 ओवर में जीता मैच

भारत ने पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर सीरीज में बढ़त बना ली। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 156 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने 13.4 ओवर में तीन विकेट खोकर 157 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत की जीत के नायक अभिषेक शर्मा रहे, जिन्होंने महज 32 गेंदों पर 82 रन की आक्रामक पारी खेली। उन्होंने सात चौके और सात छक्के लगाए। अभिषेक ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 121 रन की साझेदारी की। ईशान ने 33 गेंदों पर 42 रन बनाए।

भारत को 2.1 ओवर में संजू सैमसन के रूप में पहला झटका लगा। अजमतुल्लाह उमरजई की शॉर्ट गेंद पर पुल खेलने की कोशिश में संजू डीप स्क्वायर लेग पर कैच दे बैठे। इसके बाद अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने तेजी से रन जुटाए। छह ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 82 रन था। दोनों के बीच 50 रन की साझेदारी पूरी हुई। अभिषेक ने 22 गेंदों में अपना 12वां टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक पूरा किया। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में यह उनका 14वां 50 प्लस स्कोर है। इनमें 12 अर्धशतक 25 या उससे कम गेंदों में आए हैं।

अभिषेक 82, ईशान 42 पर लौटे

अभिषेक ने नौवें ओवर के बाद नूर अहमद के खिलाफ लगातार दो छक्के लगाकर भारतीय स्कोर को तेजी दी। 10.6 ओवर में मोहम्मद नबी की फुलटॉस पर वह 82 रन बनाकर आउट हुए। राशिद खान ने वाइड लॉन्ग-ऑन पर उनका शानदार कैच पकड़ा। इसके बाद 12.4 ओवर में ईशान किशन भी राशिद खान के हाथों कैच आउट हुए। उन्होंने पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 42 रन बनाए। आखिर में 13.4 ओवर में तिलक वर्मा के शॉट पर दो रन पूरे होते ही भारत ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।

उमरजई की पारी के दम पर 156 रन

इससे पहले अफगानिस्तान की शुरुआत खराब रही। जसप्रीत बुमराह ने अपने पहले ही ओवर में रहमानुल्लाह गुरबाज को आउट कर टी-20 क्रिकेट में 350 विकेट पूरे किए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बने। इसके बाद भी अफगानिस्तान लगातार विकेट गंवाता रहा और 10 ओवर में उसका स्कोर पांच विकेट पर 56 रन था। मोहम्मद नबी और अजमतुल्लाह उमरजई ने पारी संभाली। दोनों ने 50 रन की साझेदारी की। नबी 27 गेंदों पर 33 रन बनाकर अर्शदीप सिंह की गेंद पर बोल्ड हुए।

अर्शदीप सबसे सफल गेंदबाज

अफगानिस्तान ने आखिरी ओवर में 21 रन जुटाकर स्कोर 156 रन तक पहुंचाया। उमरजई 44 गेंदों पर चार चौके और चार छक्कों की मदद से नाबाद 64 रन बनाए। भारत के लिए अर्शदीप सिंह ने चार ओवर में 19 रन देकर तीन विकेट लिए। वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल को भी अहम सफलताएं मिलीं।

मैच से पहले पहली बार गूंजा वंदे मातरम्

मुकाबले से पहले भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के मैच में पहली बार वंदे मातरम् गाया गया। इसके बाद जन गण मन और फिर अफगानिस्तान का राष्ट्रगान बजाया गया। 28 जनवरी को केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी दिशानिर्देशों में कहा गया था कि दोनों भारतीय गीत प्रस्तुत किए जाने पर पहले वंदे मातरम् और उसके बाद जन गण मन होना चाहिए।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।