कंगारुओं के आगे जिम्बाब्वे ढेर: रेनशॉ ने लगाया मेडन वनडे शतक, एलिस ने चटकाए पांच विकेट

हरारे में ऑस्ट्रेलिया ने पहले वनडे में जिम्बाब्वे को 59 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में बढ़त बना ली। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मैट रेनशॉ के शतक की मदद से 294 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम नाथन एलिस की घातक गेंदबाजी के सामने 235 रन पर सिमट गई। एलिस ने 31 रन देकर पांच विकेट झटके, जो वनडे में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।
मैट रेनशॉ ने 88 गेंदों में अपना पहला वनडे शतक पूरा किया। उन्होंने 55 गेंदों में अर्धशतक लगाया और इसके बाद अगली 33 गेंदों में दूसरा अर्धशतक पूरा करते हुए शतक तक पहुंचे। उनकी पारी में दो छक्के शामिल रहे। इनमें से एक छक्का स्टेडियम की छत तक पहुंच गया। रेनशॉ ने एलेक्स कैरी के साथ पांचवें विकेट के लिए 72 और ओली पीक के साथ छठे विकेट के लिए 75 रन की साझेदारी की। पीक ने 30 गेंदों पर 40 रन बनाए, जबकि रेनशॉ आखिरी ओवर में 104 रन बनाकर आउट हुए।
एलिस ने तोड़ी जिम्बाब्वे की उम्मीद
295 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे जिम्बाब्वे ने 46 रन तक तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद क्रेग एर्विन और सिकंदर रजा ने 98 रन जोड़कर पारी को संभाला। एलिस ने अपने दूसरे स्पेल में एर्विन को बोल्ड कर यह साझेदारी तोड़ी। एर्विन ने 52 रन बनाए। इसके बाद स्पेंसर जॉनसन ने रजा को यॉर्कर पर बोल्ड किया। रजा ने 51 रन बनाए। एलिस ने 8.3 ओवर में 31 रन देकर पांच विकेट लिए। स्पेंसर जॉनसन और जेवियर बार्टलेट को दो-दो विकेट मिले।
टेलर ने बनाया नया रिकॉर्ड
जिम्बाब्वे के 40 वर्षीय ब्रेंडन टेलर ने वनडे क्रिकेट में लंबा करियर पूरा करने के मामले में सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। उनका वनडे करियर 22 साल 148 दिन का हो गया है। हालांकि, इस मुकाबले में वह बल्ले से केवल 11 रन बना सके। दूसरी ओर, 20 साल 239 दिन के न्यूमैन न्यामहुरी ने पांच विकेट लेकर जिम्बाब्वे के लिए वनडे में यह उपलब्धि हासिल करने वाले सबसे कम उम्र के गेंदबाज बनने का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने मिचेल मार्श, जोश इंग्लिस, जेवियर बार्टलेट, ओली पीक और रेनशॉ को आउट किया। सीरीज का दूसरा मुकाबला शुक्रवार को खेला जाएगा।











