फ्रेंच ओपन में बड़ा उलटफेर: वर्ल्ड नंबर-1 सिनर टूर्नामेंट से बाहर, तीसरे दौर में पहुंचे जोकोविच

29 मई 2026
वर्ल्ड नंबर-1 सिनर टूर्नामेंट से बाहर, तीसरे दौर में पहुंचे जोकोविच

फ्रेंच ओपन 2026 में गुरुवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला। जब दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी और टूर्नामेंट के टॉप सीड जैनिक सिनर दूसरे दौर में हारकर बाहर हो गए। अर्जेंटीना के गैर वरीय खिलाड़ी जुआन मैनुअल सेरुंडोलो ने शानदार वापसी की। सिनर को पांच सेटों के रोमांचक मुकाबले में शिकस्त दी। लगभग साढ़े तीन घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज मैच में सेरुंडोलो ने शुरुआती दो सेट गंवाने के बाद दमदार कमबैक किया। अपने करियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज कर ली।

मैच की शुरुआत में सिनर पूरी तरह हावी नजर आ रहे थे। उन्होंने पहले दो सेट 6-3 और 6-2 से जीतकर मुकाबले पर मजबूत पकड़ बना ली थी। तीसरे सेट में भी वह 5-1 की बढ़त के साथ जीत के बेहद करीब पहुंच चुके थे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। तेज गर्मी और डिहाइड्रेशन की वजह से उन्हें मेडिकल टाइमआउट लेना पड़ा। कोर्ट पर सिनर कई बार अपनी जांघ पकड़ते दिखाई दिए और उनका मूवमेंट भी काफी धीमा हो गया।

मेडिकल ब्रेक के बाद पूरी तरह बदल गया मैच

मेडिकल टाइमआउट के बाद कोर्ट पर लौटे सिनर पहले जैसे लय में नहीं दिखे। उनकी फिटनेस पर असर साफ नजर आ रहा था। जिसका फायदा उठाते हुए सेरुंडोलो ने मैच में शानदार वापसी की। अर्जेंटीना के खिलाड़ी ने तीसरा सेट 7-5 से जीतकर मुकाबले में वापसी की शुरुआत की। इसके बाद सिनर ने आक्रामक रणनीति अपनाते हुए तेजी से विनर्स लगाने की कोशिश की। लेकिन लगातार गलतियां करते रहे। चौथे और पांचवें सेट में उनका खेल पूरी तरह बिखर गया। सेरुंडोलो ने दोनों सेट 6-1, 6-1 से जीतकर 3 घंटे 36 मिनट में मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैच का अंतिम स्कोर 3-6, 2-6, 7-5, 6-1, 6-1 रहा। इस जीत के साथ अर्जेंटीना के खिलाड़ी ने पहली बार किसी नंबर-1 खिलाड़ी को ग्रैंड स्लैम में हराने का कारनामा किया।

जोकोविच ने अनुभव के दम पर बनाई जगह

दूसरी ओर, सर्बिया के दिग्गज खिलाड़ी जोकोविच ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरे दौर में जगह बना ली। 39 वर्षीय जोकोविच ने फ्रांस के वैलेंटाइन रोयर को चार सेटों में 6-3, 6-2, 6-7 (7), 6-3 से हराया। करीब 3 घंटे 44 मिनट तक चले मुकाबले में फ्रांसीसी खिलाड़ी ने जोकोविच को कड़ी टक्कर दी। तीसरे सेट के टाईब्रेकर में जोकोविच की कुछ गलतियों का फायदा उठाकर रोयर ने मुकाबले को लंबा खींच दिया, लेकिन अनुभवी सर्बियाई खिलाड़ी ने चौथे सेट में वापसी करते हुए मैच अपने नाम कर लिया। पेरिस में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी के बीच जोकोविच कई बार चेंजओवर के दौरान आइस पैक का इस्तेमाल करते नजर आए। मैच के बाद उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में अनुभव ने उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाए रखा।

महिलाओं के वर्ग में भी बड़ा उलटफेर

महिला वर्ग में भी कई चौंकाने वाले नतीजे देखने को मिले। ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन एलिना रायबकिना को यूक्रेन की यूलिया स्टारोडुब्तसेवा ने तीन सेटों में हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। वहीं चार बार की चैंपियन इगा स्वियातेक ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए सारा बेजलेक को सीधे सेटों में हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। इसके अलावा एलिना स्वितोलिना और मार्टा कोस्त्युक ने भी अपने मुकाबले जीतकर तीसरे दौर में जगह बना ली है। पुरुष वर्ग में जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव और नॉर्वे के कैस्पर रुड ने भी आसान जीत दर्ज करते हुए अगले दौर में प्रवेश कर लिया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।