अजेय पंजाब के सामने पंत की अग्निपरीक्षा: लखनऊ की बल्लेबाजी में कमजोरी, पंजाब ने पांच में से जीते चार मैच

आईपीएल 2026 का रोमांच अपने चरम पर है और रविवार को मुल्लांपुर के न्यू इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाला मुकाबला इस सीजन की सबसे दिलचस्प टक्कर में से एक माना जा रहा है। पंजाब किंग्स जहां इस पूरे टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है, वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स लगातार दो हार के बाद दबाव में है और वापसी के लिए बेताब दिख रही है। यह दोनों टीमों का इस सीजन छठा मुकाबला होगा, लेकिन मौजूदा फॉर्म को देखें तो पंजाब का आत्मविश्वास काफी ऊंचा नजर आता है। टीम ने पांच में से चार मैच जीते हैं, जबकि एक मैच बारिश के कारण बेनतीजा रहा। दूसरी ओर लखनऊ ने पांच मैचों में सिर्फ दो जीत दर्ज की है, जिससे टीम पर लगातार अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव साफ झलकता है।
पंजाब किंग्स की सबसे बड़ी ताकत उसका आक्रामक टॉप ऑर्डर रहा है। प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह ने इस सीजन जिस अंदाज में बल्लेबाजी की है, उसने टीम को हर मैच में मजबूत शुरुआत दी है। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर 22 छक्के लगाए हैं जो लखनऊ के टॉप-5 बल्लेबाजों के कुल छक्कों से भी ज्यादा हैं। यह आंकड़ा इस बात को साफ करता है कि पंजाब की बल्लेबाजी कितनी आक्रामक और प्रभावी रही है। कप्तान श्रेयस अय्यर भी शानदार लय में हैं और लगातार रन बना रहे हैं। उन्होंने पांच मैचों में 203 रन बनाए हैं और उनकी पिछली तीन पारियां—66, 69* और 50—टीम के लिए बेहद अहम रही हैं। इसके अलावा प्रभसिमरन सिंह 211 रन बनाकर टीम के टॉप स्कोरर हैं, जबकि कूपर कोनोली और प्रियांश आर्या भी लगातार योगदान दे रहे हैं।
रिषभ पंत पर दबाव
लखनऊ सुपर जायंट्स की बल्लेबाजी इस सीजन उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई है। टीम के कप्तान और सबसे महंगे खिलाड़ी ऋषभ पंत फॉर्म से जूझ रहे हैं। उन्होंने पांच मैचों में 104 रन बनाए हैं और उनका औसत 26 का है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि उन्होंने अब तक सिर्फ एक ही छक्का लगाया है, जो उनके आक्रामक खेल के हिसाब से बेहद कम है। मिचेल मार्श, ऐडन मार्करम, निकोलस पूरन और आयुष बदोनी जैसे खिलाड़ी भी बड़ी पारियां खेलने में नाकाम रहे हैं। टीम के लिए सबसे ज्यादा रन मुकुल चौधरी (127) ने बनाए हैं, लेकिन बाकी बल्लेबाजों का योगदान अस्थिर रहा है।
पंजाब को गेंदबाजी में सुधार की जरूरत
अगर गेंदबाजी की बात करें तो लखनऊ इस विभाग में थोड़ी मजबूत नजर आती है। मोहम्मद शमी और प्रिंस यादव ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाया है। दूसरी ओर पंजाब के गेंदबाज अब तक अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं। युजवेंद्र चहल और मार्को जेनसन जैसे बड़े नाम अभी तक खास कमाल नहीं दिखा सके हैं। हालांकि अर्शदीप सिंह ने पिछले मैच में तीन विकेट लेकर वापसी के संकेत जरूर दिए हैं। ऐसे में यह मुकाबला बल्लेबाजी बनाम गेंदबाजी की दिलचस्प जंग बन सकता है।











