श्रेयस के तूफानी शतक से पंजाब की वापसी: लखनऊ को हराकर प्लेऑफ की उम्मीदें कायम, पंजाब को अब आरआर की हार का इंतजार

2 घंटे पहले
लखनऊ को हराकर प्लेऑफ की उम्मीदें कायम, पंजाब को अब आरआर की हार का इंतजार

इंडियन प्रीमियर लीग के बेहद अहम मुकाबले में पंजाब किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एलएसजी को सात विकेट से हराकर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। लगातार छह हार के बाद पंजाब को यह जीत पूरे एक महीने बाद मिली है, जिसने टीम के ड्रेसिंग रूम में नई ऊर्जा भर दी है। इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कप्तानी जिम्मेदारी निभाते हुए अपने आईपीएल करियर का पहला शतक जड़ा और टीम को यादगार जीत दिलाई। हालांकि प्लेऑफ में पहुंचने के लिए पंजाब को अब राजस्थान रॉयल्स की हार का इंतजार करना होगा।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी पंजाब की शुरुआत शानदार रही। तेज गेंदबाज मार्को यानसेन और अजमतुल्लाह उमरजाई ने शुरुआती झटके देकर लखनऊ को दबाव में ला दिया। टीम ने केवल 20 रन के भीतर आर्शिन कुलकर्णी और निकोलस पूरन जैसे अहम विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद इंग्लिस और आयुष बडोनी ने पारी को संभालते हुए तेज गति से रन बनाए। बडोनी ने महज 18 गेंदों में 43 रन की विस्फोटक पारी खेली और इंग्लिस के साथ अहम साझेदारी कर टीम को संकट से बाहर निकाला। हालांकि युजवेंद्र चहल ने उन्हें आउट कर पंजाब को बड़ी सफलता दिलाई।

इंग्लिस ने संभाली लखनऊ की पारी

दूसरी ओर इंग्लिस एक छोर पर टिके रहे और उन्होंने 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इंग्लिस ने 72 रन की आकर्षक पारी में नौ चौके और दो छक्के लगाए। आखिरी ओवरों में अब्दुल समद ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 37 रन बनाए। उन्होंने अंतिम ओवर में अर्शदीप सिंह के खिलाफ 17 रन बटोरकर टीम को 196 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। पंजाब की ओर से यानसेन और चहल ने दो-दो विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह बेहद महंगे साबित हुए और तीन ओवर में 52 रन खर्च कर बैठे।

अय्यर-प्रभसिमरन ने बदला मैच

197 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। मोहम्मद शमी ने पहली ही गेंद पर प्रियांश आर्या को आउट कर पंजाब को झटका दिया। इसके बाद उन्होंने कूपर कोनोली का विकेट लेकर टीम को और दबाव में डाल दिया। पंजाब ने केवल 22 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे और मैच लखनऊ की पकड़ में दिखाई दे रहा था। ऐसे मुश्किल समय में कप्तान श्रेयस अय्यर और सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने जिम्मेदारी संभाली और मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 140 रन की शानदार साझेदारी हुई। प्रभसिमरन ने 39 गेंदों में 69 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि अय्यर लगातार आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते रहे। प्रभसिमरन को अर्जुन तेंदुलकर ने यॉर्कर गेंद पर आउट कर साझेदारी तोड़ी, लेकिन तब तक पंजाब जीत के बेहद करीब पहुंच चुका था।

अय्यर ने खेली कप्तानी पारी

श्रेयस अय्यर ने अंत तक टिककर बल्लेबाजी की और महज 51 गेंदों में नाबाद 101 रन बनाकर अपनी टीम को 18 ओवर में ही जीत दिला दी। उनकी इस पारी में कई शानदार चौके और लंबे छक्के शामिल रहे। यह आईपीएल में अय्यर का पहला शतक भी रहा, जिसने उनकी टीम को टूर्नामेंट में जीवित बनाए रखा। अब पंजाब की निगाहें राजस्थान और मुंबई के मुकाबले पर टिकी होंगी, क्योंकि राजस्थान की हार ही पंजाब के लिए प्लेऑफ का रास्ता खोल सकती है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।