'प्रिंस' को हराकर फाइनल में पहुंचे 'किंग': पहाड़ों पर रजत पाटीदार की तूफान पारी, 92 रन से गुजरात टाइटंस को रौंदा

1 घंटा पहले
पहाड़ों पर रजत पाटीदार की तूफान पारी, 92 रन से गुजरात टाइटंस को रौंदा

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने एक बार फिर अपने दमदार प्रदर्शन से खिताब की दावेदारी मजबूत कर दी है। कप्तान रजत पाटीदार की विस्फोटक पारी की बदौलत आरसीबी ने पहले क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस को 92 रन से हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल फाइनल में जगह बना ली। धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में आरसीबी ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में पूरी तरह दबदबा बनाया।

टॉस जीतकर गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। यह निर्णय जीटी की टीम पर भारी पड़ गया। आरसीबी ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। आरसीबी ने आईपीएल प्लेऑफ इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बना दिया। कप्तान रजत पाटीदार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 93 रन की तूफानी पारी खेली और गुजरात के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।

पावरप्ले में बिखरी गुजरात की बल्लेबाजी

255 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने शुरुआती ओवरों में ही अपने प्रमुख बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। साई सुदर्शन दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से हिट विकेट हो गए। कप्तान शुभमन गिल को भुवनेश्वर कुमार ने क्लीन बोल्ड कर दिया। जोस बटलर ने कुछ आक्रामक शॉट जरूर लगाए, लेकिन जोश हेजलवुड की धीमी गेंद पर बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए। पावरप्ले के भीतर गुजरात ने पांच विकेट गंवा दिए और टीम पूरी तरह दबाव में आ गई। जैकब डफी और रसिख सलाम की धारदार गेंदबाजी के सामने गुजरात का मध्यक्रम बेबस नजर आया। राशिद खान, वॉशिंगटन सुंदर और जेसन होल्डर जैसे खिलाड़ी भी बड़ी पारी नहीं खेल सके।

राहुल तेवतिया ने दिखाई अकेले संघर्ष की झलक

लगातार विकेट गिरने के बीच राहुल तेवतिया ने अकेले मोर्चा संभाला रखा। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 43 गेंदों में 68 रन की जुझारू पारी खेली, जिसमें आठ चौके और चार छक्के शामिल रहे। उन्होंने मोहम्मद सिराज के साथ नौवें विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने का प्रयास किया। हालांकि उनकी यह लड़ाई टीम को हार से नहीं बचा सकी। आरसीबी की ओर से जैकब डफी ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार, कृणाल पांड्या और रसिख सलाम को दो-दो सफलताएं मिलीं। हेजलवुड ने भी एक अहम विकेट अपने नाम किया।

धर्मशाला स्टेडियम में दिखा शानदार माहौल

मैच के दौरान धर्मशाला स्टेडियम का माहौल भी आकर्षण का केंद्र बना रहा। इनिंग ब्रेक के दौरान “वंदे मातरम्” की धुन पर स्टेडियम देशभक्ति के रंग में रंगा हुआ था। दो युवतियों ने वायलिन पर यह धुन बजाई, जिसे दर्शकों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। आतिशबाजी, लेजर शो और रंग-बिरंगी रोशनियों ने स्टेडियम की खूबसूरती को और बढ़ा दिया। अब आरसीबी की नजर लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने पर टिकी है। गुजरात टाइटंस को फाइनल में पहुंचने के लिए दूसरे क्वालीफायर में जीत दर्ज करनी होगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।