जयपुर में राजस्थान-गुजरात की टक्कर: जीत की हैट्रिक के साथ टाइटंस की नजर टॉप-फोर पर, राजस्थान के लिए गेंदबाजी बनी चिंता

09 मई 2026
जीत की हैट्रिक के साथ टाइटंस की नजर टॉप-फोर पर, राजस्थान के लिए गेंदबाजी बनी चिंता

IPL के 52वें मुकाबले में आज राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगी। मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। दोनों टीमों के लिए यह मैच बेहद अहम माना जा रहा है। पॉइंट टेबल में दोनों के 12-12 अंक हैं, लेकिन बेहतर नेट रनरेट के कारण राजस्थान चौथे और गुजरात पांचवें नंबर पर है। ऐसे में गुजरात के पास जीत के साथ राजस्थान को पीछे छोड़ने का मौका रहेगा। शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात लगातार तीन मैच जीतकर शानदार फॉर्म में है। दूसरी तरफ रियान पराग की कप्तानी वाली राजस्थान पिछले पांच मैचों में तीन हार झेल चुकी है। ऐसे में जयपुर का यह मुकाबला प्लेऑफ की रेस को और दिलचस्प बना सकता है।

राजस्थान रॉयल्स की बल्लेबाजी इस सीजन में मजबूत दिखी है, लेकिन गेंदबाजी लगातार सवालों के घेरे में रही है। टीम पिछले दो मैचों में 220 से ज्यादा का स्कोर डिफेंड नहीं कर सकी। दिल्ली के खिलाफ पिछले मुकाबले में रियान पराग की 90 रन की विस्फोटक पारी की मदद से राजस्थान ने 225 रन बनाए थे, लेकिन विरोधी टीम ने लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में भी हाल के मुकाबलों में बड़े स्कोर चेज हुए हैं। यही वजह है कि टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी चुन सकती है। तेज गेंदबाज Jofra Archer राजस्थान के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने 10 मैचों में 15 विकेट लिए हैं। हालांकि डेथ ओवरों में टीम की गेंदबाजी अब भी चिंता बढ़ा रही है।

वैभव और यशस्वी पर टिकी बल्लेबाजी

राजस्थान के लिए युवा बल्लेबाज वैभव और यशस्वी शानदार फॉर्म में हैं। वैभव इस सीजन में 404 रन बनाकर टीम के टॉप स्कोरर हैं, जबकि यशस्वी ने 312 रन बनाए हैं। दोनों बल्लेबाज लगातार तेज शुरुआत दे रहे हैं। हालांकि नंबर तीन पर बल्लेबाजी कर रहे ध्रुव जुरेल का स्ट्राइक रेट चिंता का कारण बन गया है। पिछली तीन पारियों में वह तेजी से रन नहीं बना सके। इससे मिडिल ओवरों में टीम की रन गति धीमी हुई है। कप्तान रियान पराग से भी एक बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी।

गुजरात के टॉप ऑर्डर ने पकड़ी रफ्तार

गुजरात टाइटंस इस समय टूर्नामेंट की सबसे संतुलित टीमों में नजर आ रही है। कप्तान शुभमन गिल और सई सुदर्शन लगातार रन बना रहे हैं। साई सुदर्शन ने पिछली चार पारियों में दो फिफ्टी और एक शतक लगाया है। वहीं जास बटलर की फॉर्म में वापसी ने टीम की बल्लेबाजी को और मजबूत किया है। गुजरात का टॉप ऑर्डर इस समय विरोधी गेंदबाजों पर दबाव बना रहा है। हालांकि टीम को मिडिल ऑर्डर कोलैप्स से बचना होगा। मुंबई के खिलाफ गुजरात सिर्फ 100 रन पर सिमट गई थी। ऐसे में टीम आज बल्लेबाजी में स्थिरता बनाए रखना चाहेगी।

रबाडा-सिराज की रफ्तार बनेगी बड़ा हथियार

गुजरात की सबसे बड़ी ताकत उसका तेज गेंदबाजी अटैक है। रबाडा 16 विकेट लेकर टीम के सबसे सफल गेंदबाज बने हुए हैं। उन्हें मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा का शानदार साथ मिल रहा है। जयपुर की पिच पर नई गेंद से तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है। ऐसे में गुजरात के पेसर्स राजस्थान के टॉप ऑर्डर को जल्दी झटका देने की कोशिश करेंगे। वहीं स्पिन विभाग में राशिद खान अहम भूमिका निभा सकते हैं।

पिच रिपोर्ट और मौसम अपडेट

सवाई मानसिंह स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को हल्की मूवमेंट मिल सकती है, लेकिन बल्लेबाज सेट होने के बाद बड़े शॉट आसानी से लगा सकते हैं। इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 166 रन रहा है, लेकिन हाल के मैचों में 220 से ज्यादा का स्कोर भी चेज हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक मैच के दौरान जयपुर में बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान 32 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। ऐसे में फैंस को हाई स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिल सकता है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।