वैभव के विस्फोट पर भारी गिल का शतक: रॉयल्स को सात विकेट से रौंदा, फाइनल में आरसीबी से टक्कर

आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालिफायर में गुजरात टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन किया। जीटी ने राजस्थान रॉयल्स को सात विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। कप्तान शुभमन गिल के तूफानी शतक और साई सुदर्शन के साथ उनकी रिकॉर्डतोड़ साझेदारी ने राजस्थान की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अब 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस का सामना गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। इस जीत के साथ गुजरात ने दूसरी बार आईपीएल खिताब जीतने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने मोर्चा संभाला। उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन किया। वैभव ने 47 गेंदों में 96 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस पारी से गुजरात के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। उन्होंने तेज गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए कई आकर्षक शॉट लगाए। हालांकि वह शतक से महज चार रन दूर रह गए। लगातार दूसरी बार नर्वस नाइंटीज का शिकार बने। राजस्थान की ओर से रवींद्र जडेजा ने भी नाबाद 45 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। अंतिम ओवर में डोनोवन फरेरा ने राशिद खान के एक ओवर में चार छक्के जड़कर टीम को 20 ओवर में 214 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
गिल और सुदर्शन ने बदल दिया मैच का रुख
215 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस को कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 167 रन जोड़कर राजस्थान की जीत की संभावनाओं को लगभग समाप्त कर दिया। साई सुदर्शन ने 58 रन की शानदार पारी खेली। हालांकि वह दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से हिट विकेट होकर आउट हो गए। दूसरे छोर पर शुभमन गिल ने कप्तानी पारी खेलते हुए मात्र 53 गेंदों में 104 रन बनाए। उनकी पारी में 15 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। यह उनके आईपीएल करियर का पांचवां शतक है। गिल की आक्रामक बल्लेबाजी के सामने राजस्थान के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। गुजरात ने 19वें ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
वैभव ने बनाया नया रिकॉर्ड
भले ही राजस्थान को हार का सामना करना पड़ा है। वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पारी के दौरान एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने आईपीएल में सबसे कम 23 पारियों में एक हजार रन पूरे करने वाले भारतीय बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल किया है। इसके अलावा महज 440 गेंदों में एक हजार रन पूरे कर उन्होंने एक नया आईपीएल रिकॉर्ड भी कायम किया है। हालांकि उनकी शानदार पारी टीम को फाइनल का टिकट दिलाने में सफल नहीं हो सकी। राजस्थान का सफर क्वालिफायर-2 में ही समाप्त हो गया।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









