44 साल बाद स्कॉटलैंड की विजयी शुरुआत: ग्रुप-सी में टॉप पर पहुंचा, मोरक्को ने ब्राजील को ड्रॉ पर रोका

1 घंटा पहले
ग्रुप-सी में टॉप पर पहुंचा, मोरक्को ने ब्राजील को ड्रॉ पर रोका

फुटबॉल विश्व कप 2026 के ग्रुप-सी मुकाबलों में रविवार को रोमांच और संघर्ष का शानदार मिश्रण देखने को मिला। दुनिया की 37वीं रैंकिंग वाली स्कॉटलैंड ने 44 वर्षों बाद विश्व कप में जीत का स्वाद चखा। टीम ने हैती को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया। वहीं, ग्रुप के दूसरे मुकाबले में मोरक्को ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील को 1-1 की बराबरी पर रोक दिया।

बोस्टन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में स्कॉटलैंड ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। टीम को 29वें मिनट में बढ़त मिली, जब जॉन मैक्गिन का शक्तिशाली शॉट डिफ्लेक्शन के बाद गोलपोस्ट में समा गया। यही गोल मैच का निर्णायक क्षण साबित हुआ। गोल खाने के बाद हैती ने वापसी की भरपूर कोशिश की। लेकिन स्कॉटलैंड के गोलकीपर एंगस गन और मजबूत रक्षापंक्ति ने विपक्षी हमलों को विफल कर दिया। अंतिम मिनटों में हैती को बराबरी का अवसर मिला, लेकिन फ्रांत्जी पियेरो का हेडर लक्ष्य से बाहर निकल गया।

ब्राजील की जीत पर मोरक्को ने लगाया ब्रेक

न्यू जर्सी में खेले गए मुकाबले में मोरक्को ने ब्राजील को कड़ी टक्कर दी। 21वें मिनट में इस्माइल साइबारी ने शानदार गोल दागकर मोरक्को को बढ़त दिलाई। हालांकि ब्राजील ने 32वें मिनट में वापसी की और स्टार फॉरवर्ड विनिसियस जूनियर ने बेहतरीन गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों को कई मौके मिले। लेकिन कोई भी बढ़त हासिल नहीं कर सका।

ग्रुप-सी की अंक तालिका में स्कॉटलैंड शीर्ष पर

इन नतीजों के बाद स्कॉटलैंड तीन अंकों के साथ ग्रुप-सी में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है। मोरक्को और ब्राजील के खाते में एक-एक अंक हैं। जबकि हैती को हार के साथ चौथे स्थान पर संतोष करना पड़ा। स्कॉटलैंड के लिए यह जीत ऐतिहासिक रही। क्योंकि टीम ने 1982 के बाद पहली बार विश्व कप में अपना शुरुआती मुकाबला जीता है। जबकि विश्व कप में उसकी पिछली जीत 1990 में दर्ज हुई थी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।