एसआरएच की लगातार पांचवीं जीत: 244 रन किया चेज, रिकल्टन का तूफानी शतकीय पारी बेकार

30 अप्रैल 2026
244 रन किया चेज, रिकल्टन का तूफानी शतकीय पारी बेकार

आईपीएल में बुधवार को खेला गया मुकाबला पूरी तरह हाई-स्कोरिंग और रोमांच से भरा रहा। मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए वानखेड़े स्टेडियम में इतिहास रच दिया। टीम ने पांच विकेट पर 243 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया जो इस मैदान पर आईपीएल का सबसे बड़ा स्कोर है। इस पारी के हीरो रहे रिकल्टन, जिन्होंने 123 रन की तूफानी नाबाद पारी खेली। लेकिन इतना बड़ा स्कोर भी टीम को जीत नहीं दिला सका। एसआरएच ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 18.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और छह विकेट से मुकाबला जीत लिया।

244 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने पहले विकेट के लिए 52 गेंदों में 129 रन जोड़कर मैच की दिशा बदल दी। दोनों बल्लेबाजों ने मुंबई के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। हालांकि 9वें ओवर में मुंबई ने वापसी की कोशिश की। गजनफर ने लगातार गेंदों पर अभिषेक और ईशान किशान को आउट कर मैच में जान डाल दी। लेकिन यह वापसी ज्यादा देर तक टिक नहीं सकी।

शतक से चूके हेड

हैदराबाद के लिए ट्रेविस हेड बेहद खतरनाक दिख रहे थे, लेकिन वह शतक से चूक गए। हार्दिक ने उन्हें 76 रन पर आउट कर राहत दिलाई। इसके बाद क्लासेन ने पारी को संभाल लिया। उन्होंने नीतीश कुमार रेड्डी के साथ मिलकर 80 रन की अहम साझेदारी की। क्लासेन ने 30 गेंदों में 65 रन बनाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। अंत में उन्होंने और सलिल अरोड़ा ने मैच को आसानी से खत्म कर दिया।

रिकल्टन का धमाका

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद दमदार रही। रिकल्टन ने मौके का पूरा फायदा उठाया और सिर्फ 44 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 55 गेंदों में 123 रन बनाए, जिसमें 10 बाउंड्री और आठ सिक्स शामिल थे। उनकी यह पारी आक्रामक होने के साथ-साथ बेहद कंट्रोल्ड भी रही। क्विंटन डिकॉक की गैरमौजूदगी में मिले मौके को उन्होंने पूरी तरह भुना दिया और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

ओपनिंग जोड़ी और मिडिल ऑर्डर का प्रदर्शन

मुंबई ने इस मैच में ओपनिंग कॉम्बिनेशन में बदलाव किया। रिकल्टन के साथ विल जैक्स को उतारा गया और यह प्रयोग सफल साबित हुआ। दोनों ने पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़े। जैक्स ने 22 गेंदों में 46 रन की तेज पारी खेली। हालांकि इसके बाद सूर्यकुमार यादव एक बार फिर जल्दी आउट हो गए और उनकी खराब फॉर्म जारी रही। नमन धीर ने 22 रन बनाए लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल सके।

अंतिम ओवरों में तेज रन

मध्य ओवरों में मुंबई की रन गति थोड़ी धीमी पड़ी, लेकिन रिकल्टन ने दबाव बनाए रखा। उन्होंने तेजी से रन जोड़ते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। अंत में कप्तान हार्दिक ने 15 गेंदों में 31 रन बनाकर स्कोर को 243 तक पहुंचाया। यह स्कोर जीत के लिए काफी लग रहा था लेकिन गेंदबाज इसे बचा नहीं सके। हैदराबाद के बल्लेबाजों ने बेखौफ अंदाज में खेलते हुए मैच छीन लिया।

लगातार जीत से मजबूत हैदराबाद

इस जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद ने लगातार पांचवीं जीत दर्ज की और सीजन में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। दूसरी ओर मुंबई इंडियंस को छठी हार का सामना करना पड़ा है। टीम के लिए यह हार बड़ा झटका है, खासकर तब जब उन्होंने रिकॉर्ड स्कोर बनाया था। अब मुंबई को अपनी गेंदबाजी पर गंभीरता से काम करना होगा, जबकि हैदराबाद का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।