सूर्यवंशी की 'वैभव' पारी: 29 गेंदों में बनाए 97 रन, अब फाइनल के टिकट के लिए जीटी से होगी भिड़ंत

1 घंटा पहले
29 गेंदों में बनाए 97 रन, अब फाइनल के टिकट के लिए जीटी से होगी भिड़ंत

आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराकर क्वालिफायर-2 में जगह बना ली है। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी इस जीत की सबसे बड़ी वजह बनी है। जिन्होंने महज 29 गेंदों में 97 रन बनाकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। हालांकि वह आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक बनाने से चूक गए। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने राजस्थान को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में निर्णायक भूमिका निभाई है। अब 29 मई को राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला गुजरात टाइटंस से होगा। इस मैच की विजेता टीम फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ेगी।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 243 रन बनाए। जो टीम का आईपीएल इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। शुरुआत से ही राजस्थान के बल्लेबाजों ने आक्रामक रुख अपनाया। पहले 10 ओवर में ही 136 रन जोड़ दिए। वैभव सूर्यवंशी ने मैदान के चारों ओर चौकों-छक्कों की बारिश करते हुए हैदराबाद के गेंदबाजों को पूरी तरह दबाव में ला दिया। उन्होंने अपनी 97 रन की विस्फोटक पारी में 12 गगनचुंबी छक्के लगाए। उनकी बल्लेबाजी इतनी आक्रामक थी कि अनुभवी गेंदबाज पैट कमिंस भी पूरी तरह बेअसर नजर आए।

सबसे तेज शतक से एक कदम दूर रह गए वैभव

वैभव सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक बनाने के बेहद करीब पहुंच गए थे। वह 28 गेंदों में 97 रन बनाकर खेल रहे थे। पूरा स्टेडियम उनके शतक का इंतजार कर रहा था। अगर अगली गेंद पर उन्हें बाउंड्री मिल जाती तो वह महज 29 गेंदों में शतक पूरा कर लेते और क्रिस गेल का रिकॉर्ड टूट सकता था। लेकिन प्रफुल हिंगे की बाउंसर पर वह थर्ड मैन पर कैच आउट हो गए। इसके साथ ही इतिहास रचने का सपना अधूरा रह गया। फिलहाल आईपीएल में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है। जिन्होंने 2013 में 30 गेंदों में सेंचुरी लगाई थी।

राजस्थान की 36 रन पर गिरे पांच विकेट

वैभव के आउट होने के बाद ध्रुव जुरेल ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों में अर्धशतक जड़ा। यशस्वी जायसवाल ने 29 और कप्तान रियान पराग ने 26 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। हालांकि अंतिम पांच ओवरों में राजस्थान की बल्लेबाजी थोड़ी धीमी पड़ गई और टीम ने केवल 36 रन जोड़ते हुए पांच विकेट गंवा दिए। हैदराबाद की ओर से प्रफुल हिंगे ने तीन विकेट हासिल किए, जबकि कप्तान पैट कमिंस सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए। उन्होंने चार ओवर में 64 रन खर्च किए।

आर्चर की रफ्तार में बिखरा हैदराबाद

244 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। जोफ्रा आर्चर की तेज गेंदबाजी के सामने हैदराबाद का टॉप ऑर्डर पूरी तरह लड़खड़ा गया। पहले ही ओवर में अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए। पावरप्ले तक टीम चार विकेट गंवा चुकी थी और सातवें ओवर तक आधी टीम पवेलियन लौट गई थी।

नीतीश रेड्डी को नहीं मिला साथ

ईशान किशन ने 33 रन बनाए, जबकि ट्रेविस हेड 17 और हेनरिक क्लासेन 18 रन बनाकर आउट हो गए। नीतीश रेड्डी ने संघर्ष करते हुए 38 रन की पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिला। कप्तान पैट कमिंस भी केवल एक रन बनाकर आउट हो गए। अंततः पूरी टीम 19.2 ओवर में 196 रन पर सिमट गई और राजस्थान ने मुकाबला 47 रन से अपने नाम कर लिया। इस शानदार जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स का खिताब जीतने का सपना अभी जिंदा है, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद का आईपीएल 2026 में सफर समाप्त हो गया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।