चेपॉक में आज आर-पार की भिड़ंत: चेन्नई पर जीत का प्रेशर, प्लेऑफ की दौड़ में अहम मुकाबला

18 मई 2026
चेन्नई पर जीत का प्रेशर, प्लेऑफ की दौड़ में अहम मुकाबला

IPL 2026 में सोमवार शाम बड़ा मुकाबला खेला जाएगा। पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा। प्लेऑफ की रेस को देखते हुए मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। चेन्नई के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा बन चुका है। दूसरी तरफ हैदराबाद जीत के साथ अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगी।

ऋतुराज गायकवाड की कप्तानी वाली चेन्नई फिलहाल अंक तालिका में छठे स्थान पर है। टीम ने अब तक 12 मुकाबलों में छह जीत हासिल की हैं। पिछले मैच में लखनऊ के खिलाफ मिली हार से टीम का नेट रन-रेट भी प्रभावित हुआ है। ऐसे में चेन्नई पर बाकी दोनों मैच जीतने का दबाव बढ़ गया है। दूसरी तरफ पैट कमिंस की अगुआई वाली हैदराबाद फिलहाल तीसरे स्थान पर बनी हुई है। टीम ने 12 मुकाबलों में सात जीत दर्ज की हैं। अगर हैदराबाद आज जीत हासिल करती है, तो प्लेऑफ का टिकट लगभग तय माना जाएगा।

चेन्नई का रिकॉर्ड मजबूत, लेकिन फॉर्म चिंता का कारण

चेन्नई और हैदराबाद के बीच अब तक 23 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें चेन्नई ने 15 मैचों में जीत दर्ज की है। वहीं हैदराबाद ने 8 मुकाबले अपने नाम किए हैं। हालांकि पिछले सीजन और इस सीजन के पहले मुकाबले में हैदराबाद ने बाजी मारी थी। ऐसे में आज चेन्नई के सामने हिसाब बराबर करने की चुनौती भी रहेगी। चेन्नई का इस सीजन सफर उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। टीम ने शुरुआत लगातार तीन हार के साथ की थी। इसके बाद शानदार वापसी करते हुए अगले नौ मुकाबलों में छह जीत दर्ज की। बल्लेबाजी में संजू सैमसन टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी साबित हुए हैं। उन्होंने 12 मैचों में 450 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट भी 236 से ज्यादा रही है। गेंदबाजी में अंशुल कंबोज ने प्रभावित किया है। उन्होंने 12 मुकाबलों में 19 विकेट हासिल किए हैं।

हैदराबाद की नजर प्लेऑफ के टिकट पर

सनराइजर्स हैदराबाद इस सीजन संतुलित प्रदर्शन करती नजर आई है। हालांकि पिछले मुकाबले में गुजरात के खिलाफ टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही थी। हैदराबाद केवल 86 रन पर सिमट गई थी। इसके बावजूद टीम की स्थिति मजबूत बनी हुई है। हेनरिक क्लासन इस सीजन शानदार फॉर्म में दिखाई दिए हैं। उन्होंने 12 मैचों में 508 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 153 के करीब रही है। गेंदबाजी में ईशान मलिंगा ने सबसे ज्यादा 16 विकेट लिए हैं। कप्तान पैट कमिंस भी गेंद और नेतृत्व दोनों में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

चेपॉक की पिच बदली, बारिश की भी संभावना

चेन्नई का चेपॉक स्टेडियम इस सीजन अलग अंदाज में नजर आया है। पारंपरिक रूप से स्पिनर्स के लिए मददगार मानी जाने वाली पिच इस बार बल्लेबाजों के अनुकूल रही है। यहां लगातार 200 से ज्यादा स्कोर बने हैं। हालांकि कुछ मुकाबलों में स्पिन गेंदबाजों को भी मदद मिली है। इस सीजन यहां खेले गए छह मुकाबलों में चार बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी चुन सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक मैच के दौरान हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। चेन्नई में उमस और बादल छाए रहने का अनुमान भी जताया गया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

वेबसाइट पर ही पढ़ें