वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास: भारतीय टीम में चुने जाने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बने: इंग्लैंड-आयरलैंड दौरे और एशियन गेम्स के लिए चयन

1 घंटा पहले
भारतीय टीम में चुने जाने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बने: इंग्लैंड-आयरलैंड दौरे और एशियन गेम्स के लिए चयन

भारतीय क्रिकेट में एक नया इतिहास रचते हुए 15 वर्ष 71 दिन के वैभव सूर्यवंशी राष्ट्रीय टीम में चयनित होने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन गए हैं। बिहार के इस युवा बल्लेबाज को जून-जुलाई में होने वाली आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 श्रृंखला तथा सितंबर में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। हाल के महीनों में घरेलू और जूनियर स्तर पर अपने विस्फोटक प्रदर्शन से चर्चा में आए वैभव का चयन भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।

टीम चयन के साथ ही भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने टी-20 टीम की कमान श्रेयस अय्यर को सौंप दी है। श्रेयस को नया कप्तान नियुक्त किया गया है। जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है। वहीं, पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव को इस बार टीम में जगह नहीं मिली है। चयन समिति के इस फैसले ने क्रिकेट जगत में नई चर्चा को जन्म दिया है।

शेफाली और सचिन का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा

वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय टीम में चयनित होने की उम्र के मामले में बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इससे पहले भारतीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में चयनित होने का रिकॉर्ड महिला क्रिकेटर शेफाली वर्मा के नाम था। जिन्हें 15 वर्ष 220 दिन की उम्र में राष्ट्रीय टीम में चुना गया था। पुरुष क्रिकेट में यह उपलब्धि महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज थी। जिनका चयन 16 वर्ष 194 दिन की आयु में हुआ था। वैभव ने दोनों रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए भारतीय क्रिकेट इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया है।

डेब्यू के साथ बन सकता है नया कीर्तिमान

यदि वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे या एशियन गेम्स के दौरान एक भी इंटरनेशनल मैच खेलने का अवसर मिलता है, तो वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में पदार्पण करने वाले खिलाड़ी भी बन जाएंगे। वर्तमान में यह रिकॉर्ड शेफाली वर्मा और पुरुष क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है। क्रिकेट एक्सपर्ट का मानना है कि वैभव की प्रतिभा और वर्तमान फॉर्म को देखते हुए उन्हें जल्द ही इंटरनेशनल मंच पर मौका मिल सकता है।

आईपीएल में शानदार प्रदर्शन बना चयन का आधार

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में असाधारण प्रदर्शन करते हुए 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। सबसे मूल्यवान खिलाड़ी (एमवीपी), इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर, सुपर स्ट्राइकर और सर्वाधिक छक्के लगाने जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कार भी जीते। उनके नाम 36 गेंदों में शतक लगाने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। जिसने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया।

वनडे टीम में जायसवाल को मिला मौका

इस बीच, अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे श्रृंखला के लिए यशस्वी जायसवाल को चोटिल विराट कोहली की जगह टीम में शामिल किया गया है। चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर ने बताया कि हैमस्ट्रिंग चोट के कारण कोहली इस सीरीज से बाहर रहेंगे। भारतीय टीम में कई युवा खिलाड़ियों को मौका देकर चयनकर्ताओं ने भविष्य की मजबूत टीम तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। वैभव सूर्यवंशी का चयन भारतीय क्रिकेट के लिए नई उम्मीदों का संदेश है। कम उम्र में मिली यह उपलब्धि न केवल उनकी प्रतिभा का प्रमाण है, बल्कि देशभर के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा भी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।