कैंपबेल ने खेली ऐतिहासिक पारी: वेस्टइंडीज ने डिफेंडिंग चैंपियन को दी मात, 7 विकेट से हासिल की धमाकेदार जीत

महिला टी20 विश्व कप में वेस्टइंडीज ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार अंदाज में किया। वेस्टइंडीज ने गत चैंपियन न्यूजीलैंड को सात विकेट से पराजित कर बड़ा उलटफेर किया। रोज बाउल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज ने 163 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को 19.5 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस यादगार जीत की सबसे बड़ी नायिका शेमाइन कैंपबेल रहीं। जिन्होंने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलते हुए टीम को जीत दिलाई। जीत के बाद कैंपबेल भावुक हो गईं और मैदान पर उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 162 रन बनाए। हालांकि टीम की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही और जॉर्जिया प्लिमर तथा कप्तान अमेलिया केर जल्दी पवेलियन लौट गईं। इसके बाद सोफी डिवाइन ने तेज शुरुआत करते हुए 22 रन बनाए। जबकि इसाबेला गेज ने 39 रन की उपयोगी पारी खेली। मध्यक्रम में ब्रुक हॉलिडे ने 40 और मेडी ग्रीन ने 35 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। वेस्टइंडीज की ओर से आलिया एलेने ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके। जबकि हेली मैथ्यूज और डिएंड्रा डॉटिन को एक-एक सफलता मिली।
कैंपबेल ने पलटा मैच का रुख
163 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत खराब रही। कियाना जोसेफ मात्र दो रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद कप्तान हेली मैथ्यूज और शेमाइन कैंपबेल ने दूसरे विकेट के लिए 74 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को मुकाबले में वापस ला दिया। मैथ्यूज 48 रन बनाकर आउट हुईं। लेकिन कैंपबेल एक छोर पर मजबूती से डटी रहीं। कैंपबेल ने 145 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 90 रन बनाए। अपनी शानदार पारी में उन्होंने सात चौके और तीन छक्के जड़े। उनके दमदार प्रदर्शन के चलते वेस्टइंडीज ने लक्ष्य को अंतिम ओवर में हासिल कर लिया। न्यूजीलैंड की ओर से जेस केर ने दो विकेट लिए। लेकिन वह टीम को हार से नहीं बचा सकीं।
जीत के बाद भावुक हुईं कैंपबेल
मैच जिताने वाली पारी खेलने के बाद शेमाइन कैंपबेल काफी भावुक नजर आईं। यह उनके करियर की सबसे बड़ी और यादगार पारियों में से एक रही। उनकी शानदार बल्लेबाजी ने न केवल वेस्टइंडीज को जीत दिलाई। साथ ही महिला टी20 विश्व कप में टीम को मजबूत शुरुआत भी दिलाई।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









