कोटक महिंद्रा बैंक में नए लीडरशिप की तैयारी: अशोक वासवानी छोड़ेंगे CEO का पद, 31 दिसंबर को पूरा होगा कार्यकाल

1 घंटा पहले
अशोक वासवानी छोड़ेंगे CEO का पद, 31 दिसंबर को पूरा होगा कार्यकाल

कोटक महिंद्रा बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर और मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक वासवानी 31 दिसंबर 2026 को अपना मौजूदा कार्यकाल पूरा होने के बाद पद छोड़ देंगे। बैंक ने इसकी जानकारी स्टॉक एक्सचेंज को दी है। वासवानी ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए दोबारा इस पद पर नियुक्ति नहीं लेने का निर्णय लिया है। उनके फैसले को स्वीकार करते हुए बैंक के निदेशक मंडल ने नए एमडी और सीईओ की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

कोटक महिंद्रा बैंक की रेगुलेटरी फाइलिंग के अनुसार, अशोक वासवानी ने बोर्ड को सूचित कर दिया है कि मौजूदा कार्यकाल समाप्त होने के बाद वह दोबारा इस पद की जिम्मेदारी नहीं संभालना चाहते। निदेशक मंडल ने अपनी बैठक में उनके निर्णय को स्वीकार करते हुए कहा कि उत्तराधिकारी की नियुक्ति नियामकीय समय-सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएगी। ताकि नेतृत्व परिवर्तन सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

तीन साल के लिए संभाली कमान

अशोक वासवानी को सितंबर 2023 में बैंक के संस्थापक उदय कोटक के इस्तीफे के बाद शीर्ष नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। भारतीय रिजर्व बैंक ने अक्टूबर 2023 में उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी थी। इसके बाद उन्होंने एक जनवरी 2024 से तीन वर्ष के कार्यकाल के लिए एमडी एवं सीईओ का पदभार ग्रहण किया।

वैश्विक बैंकिंग में तीन दशक से अधिक का अनुभव

अशोक वासवानी को वैश्विक वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में 35 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने रिटेल बैंकिंग, कंज्यूमर बैंकिंग, कॉरपोरेट बैंकिंग और पेमेंट्स कारोबार में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। कोटक महिंद्रा बैंक से पहले वह पागाया टेक्नोलॉजीज के प्रेसिडेंट रहे। इसके अलावा सिटीग्रुप और बार्कलेज जैसी अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थाओं में वरिष्ठ नेतृत्व की भूमिका निभाते हुए उन्होंने कई रणनीतिक परियोजनाओं का नेतृत्व किया।

डिजिटल बदलाव के लिए भी रही अलग पहचान

बार्कलेज यूके के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में कार्य करते हुए वासवानी ने बैंक के डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन को नई दिशा दी। उन्होंने टेक्नोलॉजी आर्किटेक्चर को पुनर्गठित कर बैंकिंग सेवाओं के आधुनिकीकरण में अहम भूमिका निभाई। इससे पहले सिटीग्रुप में वह एशिया-पैसिफिक कंज्यूमर बैंकिंग के सीईओ भी रह चुके हैं। वह लंदन स्टॉक एक्सचेंज ग्रुप, वीजा और एसपी जैन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च के बोर्ड से भी जुड़े रहे हैं।

शैक्षणिक और पेशेवर उपलब्धियां

कॉमर्स स्नातक अशोक वासवानी चार्टर्ड अकाउंटेंट और कंपनी सेक्रेटरी भी हैं। उन्होंने स्टैनफोर्ड ग्रेजुएट स्कूल ऑफ बिजनेस से एग्जीक्यूटिव एजुकेशन कार्यक्रम पूरा किया है। वर्तमान में कोटक महिंद्रा बैंक की वरिष्ठ नेतृत्व टीम में उनके अलावा होल-टाइम डायरेक्टर के रूप में अनूप कुमार साहा, जयदीप हंसराज और परितोष कश्यप शामिल हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।