सोना-चांदी की कीमतों में बड़ी नरमी: रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे पहुंचे भाव, निवेशकों को राहत

घरेलू सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार, एक किलो चांदी 3,155 रुपये की गिरावट के साथ 2.17 लाख रुपये पर आ गई। वहीं, 24 कैरेट सोने का भाव 10 ग्राम पर 1,079 रुपये घटकर 1,43,368 रुपये दर्ज किया गया। लगातार उतार-चढ़ाव के बीच कीमती धातुओं में यह गिरावट निवेशकों के लिए राहत लेकर आई है।
इस वर्ष सोने और चांदी दोनों ने रिकॉर्ड ऊंचाई छुई थी, लेकिन उसके बाद से कीमतों में लगातार नरमी बनी हुई है। 31 दिसंबर 2025 को सोने का भाव 1.33 लाख रुपये था, जो 29 जनवरी को बढ़कर 1.76 लाख रुपये के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। इसके बाद अब तक सोना करीब 34 हजार रुपये सस्ता हो चुका है। इसी तरह चांदी 31 दिसंबर 2025 को 2.30 लाख रुपये प्रति किलो थी, जो 29 जनवरी को बढ़कर 3.86 लाख रुपये तक पहुंची। अब रिकॉर्ड स्तर से चांदी करीब 1.69 लाख रुपये नीचे आ चुकी है।
गिरावट की प्रमुख वजहें
एक्सपर्ट्स के अनुसार अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने और रिकॉर्ड तेजी के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली से सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव बना है। फेडरल रिजर्व के संकेतों के बाद डॉलर इंडेक्स मजबूत हुआ। इससे इंटरनेशनल मार्केट में दोनों धातुओं की मांग प्रभावित हुई।
निवेशकों के लिए सलाह
कमोडिटी एक्सपर्ट का कहना है कि मौजूदा स्तर निवेश के लिए बेहतर अवसर हो सकता है। लेकिन एकमुश्त निवेश से बचना चाहिए। उनके मुताबिक वर्ष के अंत तक सोना फिर 1.60 लाख रुपये और चांदी 2.80 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच सकती है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









