ग्रीस में भी शुरू हुई UPI सेवा: 10 देशों में कर सकेंगे डिजिटल भुगतान, एथेंस में यूरोबैंक के साथ पार्टनरशिप में लॉन्च

भारत की डिजिटल भुगतान प्रणाली यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस ने वैश्विक विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अब ग्रीस भी उन देशों की सूची में शामिल हो गया है, जहां भारतीय नागरिक UPI के माध्यम से डिजिटल भुगतान कर सकेंगे। एथेंस स्थित यूरोबैंक मुख्यालय में यूरोबैंक और एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड की साझेदारी के तहत इस सेवा की औपचारिक शुरुआत की गई। इस अवसर पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी में UPI भुगतान का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया। इस पहल के साथ अब दुनिया के 10 देशों में भारतीयों को UPI आधारित भुगतान सुविधा उपलब्ध होगी।
ग्रीस में सेवा शुरू होने के अवसर पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि UPI को लगातार मिल रही अंतरराष्ट्रीय स्वीकार्यता भारत की तकनीकी क्षमता और डिजिटल नवाचार पर बढ़ते वैश्विक विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह प्रणाली सीमाओं के पार भी तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक भुगतान का प्रभावी माध्यम बन रही है। उनके अनुसार, भारत का डिजिटल भुगतान मॉडल अब दुनिया के कई देशों के लिए प्रेरणा बन चुका है।
यात्रियों को मिलेगा आसान और सुरक्षित भुगतान विकल्प
ग्रीस के इस नेटवर्क से जुड़ने के बाद भारतीय यात्री वहां QR कोड आधारित मर्चेंट पेमेंट के साथ-साथ सीमा पार धन हस्तांतरण (क्रॉस-बॉर्डर रेमिटेंस) जैसी सेवाओं का लाभ भी उठा सकेंगे। इससे विदेश यात्रा के दौरान नकदी रखने या स्थानीय मुद्रा बदलवाने की आवश्यकता काफी हद तक कम हो जाएगी। भारतीय बैंक खाते से सीधे भुगतान की सुविधा यात्रियों के लिए लेनदेन को अधिक सरल और सुरक्षित बनाएगी।
अब इन 10 देशों में उपलब्ध है UPI
ग्रीस से पहले कंबोडिया UPI नेटवर्क से जुड़ने वाला नौवां देश बना था। वहां एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड ने एसीएलईडीए बैंक के सहयोग से राष्ट्रीय क्यूआर प्रणाली ‘KHQR’ के माध्यम से क्रॉस-बॉर्डर भुगतान सुविधा शुरू की थी। इसके अलावा सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, मॉरीशस, नेपाल, भूटान, कतर और श्रीलंका में भी अलग-अलग स्वरूप में UPI सेवाएं उपलब्ध हैं। ग्रीस के शामिल होने के साथ यह संख्या बढ़कर 10 हो गई है।
यूरोप में लगातार बढ़ रहा UPI का दायरा
यूरोप में UPI की शुरुआत वर्ष 2024 में फ्रांस के प्रसिद्ध एफिल टॉवर से हुई थी। इसके बाद इस सेवा का विस्तार फ्रांस के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों और रिटेल प्रतिष्ठानों तक किया गया। अब ग्रीस में इसकी शुरुआत से यूरोप में भारत की डिजिटल भुगतान प्रणाली की मौजूदगी और मजबूत हुई है।
विदेश में ऐसे करेगा काम UPI
यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस को नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया ने विकसित किया है। विदेशों में भारतीय यात्री अपने सक्रिय UPI ऐप के माध्यम से स्थानीय क्यूआर कोड स्कैन कर सीधे अपने भारतीय बैंक खाते से भुगतान कर सकते हैं। इससे विदेशी मुद्रा विनिमय की प्रक्रिया आसान होती है। सीमा पार भुगतान की लागत व समय दोनों में कमी आती है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि UPI का यह विस्तार भविष्य में वैश्विक डिजिटल भुगतान व्यवस्था में भारत की भूमिका को और अधिक मजबूत करेगा।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









