मेटा का नया दांव: अब वॉट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम के ‘प्लस वर्जन’ के लिए चुकाने होंगे पैसे, 24 घंटे बाद भी एक्टिव रहेगी स्टोरी

दुनिया की सबसे बड़ी सोशल मीडिया कंपनियों में शामिल मेटा अब अपने लोकप्रिय प्लेटफॉर्म्स वॉट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए कमाई का नया मॉडल तैयार कर रही है। कंपनी ने इन एप्स के लिए नए ‘प्लस’ सब्सक्रिप्शन प्लान लॉन्च करने की घोषणा की है। इन प्रीमियम प्लान्स के तहत यूजर्स को कई एडवांस फीचर्स, कस्टमाइजेशन टूल्स और एक्सक्लूसिव सुविधाएं मिलेंगी, जिनके लिए मासिक शुल्क देना होगा। मेटा का यह कदम ऐसे समय आया है, जब सोशल मीडिया इंडस्ट्री विज्ञापन आधारित मॉडल से आगे बढ़कर सीधे यूजर्स से कमाई के नए रास्ते तलाश रही है।
कंपनी ने साफ किया है कि ये नए ‘प्लस’ प्लान मौजूदा ‘मेटा वेरिफाइड’ सेवा की जगह नहीं लेंगे, बल्कि उसके अतिरिक्त होंगे। फिलहाल इन फीचर्स को वैश्विक स्तर पर रोलआउट किया जा रहा है। हालांकि भारत में इन्हें कब लॉन्च किया जाएगा, इसकी आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है। माना जा रहा है कि भारत जैसे बड़े यूजर बेस वाले बाजार में मेटा इन्हें चरणबद्ध तरीके से लॉन्च करेगी।
इंस्टाग्राम और फेसबुक में मिलेंगे एक्सप्रेशन और प्राइवेसी से जुड़े नए फीचर्स
मेटा के अनुसार, इंस्टाग्राम प्लस और फेसबुक प्लस खासतौर पर उन यूजर्स और कंटेंट क्रिएटर्स को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं, जो सोशल मीडिया पर अपनी अलग पहचान बनाना चाहते हैं। इन प्लान्स में यूजर्स यह देख सकेंगे कि उनकी स्टोरी कितनी बार दोबारा देखी गई। इसके अलावा अब ‘क्लोज फ्रेंड्स’ की जगह कई अलग-अलग प्राइवेट लिस्ट बनाई जा सकेंगी, ताकि हर पोस्ट और स्टोरी को चुनिंदा लोगों तक सीमित किया जा सके। सबसे चर्चित फीचर यह है कि अब इंस्टाग्राम और फेसबुक स्टोरी 24 घंटे बाद अपने आप गायब नहीं होगी। यूजर्स चाहें तो उसे अधिक समय तक प्रोफाइल पर बनाए रख सकेंगे। इसके साथ ही हफ्ते में एक बार किसी स्टोरी को ‘स्पॉटलाइट’ करने का विकल्प भी मिलेगा, जिससे उसकी रीच बढ़ाई जा सकेगी। कंपनी ने प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए ऐसा फीचर भी जोड़ा है, जिससे यूजर बिना सामने वाले को पता चले उसकी स्टोरी देख सकेंगे। इसके अलावा प्रोफाइल को आकर्षक बनाने के लिए नए फॉन्ट, सुपर हार्ट रिएक्शन, कस्टम ऐप आइकॉन और डिजाइन टूल्स भी उपलब्ध कराए जाएंगे। यूजर्स अपनी फोटो और वीडियो सीधे प्रोफाइल या हाइलाइट्स में सेव कर सकेंगे, बिना दोस्तों के फीड में नोटिफिकेशन भेजे।
वॉट्सएप प्लस में मिलेगा नया पर्सनलाइजेशन अनुभव
वॉट्सएप प्लस को पूरी तरह चैटिंग और पर्सनलाइजेशन पर केंद्रित रखा गया है। इसमें यूजर्स को कस्टम थीम्स, अलग-अलग रिंगटोन्स, अतिरिक्त पिन चैट्स, प्रीमियम स्टिकर्स और एडवांस चैट मैनेजमेंट जैसे फीचर्स मिलेंगे। माना जा रहा है कि यह सेवा खास तौर पर उन यूजर्स को आकर्षित करेगी, जो अपने मैसेजिंग अनुभव को अधिक निजी और स्टाइलिश बनाना चाहते हैं।
AI और बिजनेस प्लान्स पर भी फोकस
मेटा ने अपने AI आधारित प्लान्स ‘मेटा वन प्लस’ और ‘मेटा वन प्रीमियम’ की भी टेस्टिंग शुरू कर दी है। इनमें यूजर्स को हाई-क्वालिटी इमेज और वीडियो जनरेशन, डीप रीजनिंग और एडवांस कंप्यूटिंग जैसी सुविधाएं मिलेंगी। वहीं क्रिएटर्स और बिजनेस यूजर्स के लिए भी अलग प्रीमियम प्लान लाए जा रहे हैं, जिनमें वेरिफाइड बैज, एन्हांस्ड लिंकशीट, सर्च में ऊपर दिखने और ऑटो फॉलो इनविटेशन जैसे फीचर्स शामिल होंगे।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









