500 अंक से अधिक टूटा सेंसेक्स, निफ्टी फिसला: पश्चिम एशिया तनाव से शेयर बाजार क्रैश, इंडिगो और सन फार्मा के शेयरों में गिरावट

2 घंटे पहले
पश्चिम एशिया तनाव से शेयर बाजार क्रैश, इंडिगो और सन फार्मा के शेयरों में गिरावट

वैश्विक स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर बुधवार को घरेलू शेयर बाजार पर भी साफ दिखाई दिया। पश्चिम एशिया में संघर्ष तेज होने और कच्चे तेल की कीमत 92 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचने से निवेशकों का भरोसा कमजोर पड़ा। कारोबार की शुरुआत से ही बिकवाली हावी रही। इसके चलते सेंसेक्स 500 अंक से अधिक लुढ़क गया। वहीं, निफ्टी 24,050 के नीचे फिसल गया। मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां, कच्चे तेल की चाल और विदेशी निवेशकों की गतिविधियां आने वाले दिनों में बाजार की दिशा तय करेंगी।

कारोबार की शुरुआत में बीएसई सेंसेक्स 362.47 अंक टूटकर 77,107.64 पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई निफ्टी 90.96 अंक की गिरावट के साथ 24,096.75 पर कारोबार करता दिखा। बिकवाली और तेज हो गई। इस दौरान सेंसेक्स 599.28 अंक गिरकर 76,870.83 पर पहुंच गया, जो 0.77 प्रतिशत की कमजोरी दर्शाता है। वहीं, निफ्टी 163.61 अंक लुढ़ककर 24,024.10 पर आ गया। शुरुआती कारोबार में इंडिगो और सन फार्मा के शेयरों में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई।

कच्चे तेल और एफआईआई की बिकवाली बनी वजह

विश्लेषकों के अनुसार बाजार में कमजोरी की सबसे बड़ी वजह पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव है। इसके चलते कच्चे तेल की कीमतें 92 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई हैं। महंगे कच्चे तेल का असर भारत जैसे आयातक देशों की अर्थव्यवस्था और कॉरपोरेट आय पर पड़ने की आशंका रहती है। इसके अलावा रुपये की कमजोरी और एफआईआई की लगातार बिकवाली ने भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया है।

वैश्विक संकेतों पर रहेगी नजर

मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि फिलहाल घरेलू शेयर बाजार सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव के साथ कारोबार कर सकता है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव, ब्रेंट क्रूड की ऊंची कीमतें, कमजोर रुपया और विदेशी निवेशकों की रणनीति बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगी। वैश्विक बाजारों की बात करें तो जापान का टॉपिक्स सूचकांक 1.3 प्रतिशत और ऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी/एएसएक्स 200 सूचकांक 0.2 प्रतिशत बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा। वहीं हांगकांग का हेंगसेंग 0.7 प्रतिशत फिसल गया। वहीं, शंघाई कंपोजिट 0.3 प्रतिशत मजबूत रहा। यूरो स्टॉक्स 50 वायदा में भी 0.2 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।