फॉर्च्यून इंडिया की सूची में टॉप पर नीता अंबानी: नेतृत्व और सामाजिक कार्यों के लिए मिला सम्मान, लिस्ट में ईशा अंबानी भी शामिल

फॉर्च्यून इंडिया ने देश की 100 सबसे प्रभावशाली महिलाओं की सूची जारी की है, जिसमें रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी को पहला स्थान मिला है। नेतृत्व क्षमता और सामाजिक योगदान के आधार पर उन्हें यह सम्मान दिया गया। सूची में उनकी बेटी ईशा अंबानी भी शीर्ष-10 में जगह बनाने में सफल रहीं।
फॉर्च्यून इंडिया की रैंकिंग में नीता अंबानी को शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए शीर्ष स्थान दिया गया है। उनकी अगुवाई में रिलायंस फाउंडेशन ने 2.9 करोड़ बच्चों सहित देश के 10 करोड़ से अधिक लोगों तक विभिन्न सामाजिक योजनाओं का लाभ पहुंचाया है। संस्था ने शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और सामुदायिक विकास जैसे क्षेत्रों में व्यापक काम किया है।
'दूसरों को सशक्त बनाना ही असली शक्ति'
सम्मान मिलने के बाद नीता अंबानी ने कहा कि नेतृत्व की पहचान करुणा, समावेश और सशक्तिकरण से होनी चाहिए। उनके अनुसार वास्तविक शक्ति दूसरों को आगे बढ़ाने में है। उन्होंने कहा कि भारत को सहानुभूति, दया और सभी के प्रति सम्मान पर आधारित 'सॉफ्ट पावर' की जरूरत है। साथ ही उन्होंने लड़कियों को सशक्त बनाने को देश के भविष्य के लिए अहम बताया।
हाल में मिला इंटरनेशनल सम्मान
फॉर्च्यून इंडिया की इस उपलब्धि से पहले तीन जुलाई को अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित टैम्पा में नीता अंबानी को 'AAPI ह्यूमैनिटेरियन अवार्ड' से सम्मानित किया गया था। यह सम्मान उन्हें स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, संस्कृति और सामुदायिक विकास में योगदान के लिए दिया गया।
टॉप-10 में ईशा अंबानी भी शामिल
इस सूची में रोशनी नाडार मल्होत्रा दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि रेड्डी सिस्टर्स शोभना कामिनेनी, संगीता रेड्डी, प्रीथा रेड्डी और सुनीता रेड्डी संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं। शीर्ष-15 में सावित्री जिंदल, प्रीति अडानी, किरण मजूमदार-शॉ, ईशा अंबानी, प्रिया नायर, बेला बजरिया और लीना नायर को भी स्थान मिला। ईशा अंबानी इस सूची में सातवें स्थान पर रहीं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









