पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल फिर सस्ता: पेट्रोल 4 और डीजल 2 रुपये प्रति लीटर घटा, पांच हफ्तों में 41 रुपये तक कम हुए दाम

2 घंटे पहले
पेट्रोल 4 और डीजल 2 रुपये प्रति लीटर घटा, पांच हफ्तों में 41 रुपये तक कम हुए दाम

आर्थिक दबाव और बढ़ती महंगाई के बीच पाकिस्तान की जनता को ईंधन कीमतों में एक और राहत मिली है। पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल की कीमत में 4 रुपये प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर की कटौती करने का फैसला किया है। नई दरें आज से प्रभावी हो गई हैं। कटौती के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 373.78 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल की कीमत 378.78 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

सरकारी अधिसूचना के अनुसार, हाल के सप्ताहों में इंटरनेशनल बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए यह निर्णय लिया गया है। बीते पांच सप्ताहों में पेट्रोल की कीमतों में कुल 41 रुपये प्रति लीटर तक की कमी दर्ज की जा चुकी है। इससे पहले भी सरकार ने पेट्रोल के दाम में 4 रुपये प्रति लीटर की कटौती की थी। वहीं डीजल की कीमतों को यथावत रखा गया था।

टैक्स के कारण अब भी ऊंची बनी हुई हैं कीमतें

हालांकि कीमतों में कमी के बावजूद पाकिस्तान में ईंधन पर करों का बोझ काफी अधिक बना हुआ है। पेट्रोल पर सरकार करीब 125 रुपये प्रति लीटर तक विभिन्न प्रकार के टैक्स वसूल रही है। इनमें पेट्रोलियम लेवी, कस्टम ड्यूटी और क्लाइमेट लेवी प्रमुख हैं। वहीं हाई-स्पीड डीजल पर भी लगभग 100 रुपये प्रति लीटर का कर लगाया जा रहा है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि टैक्स का यह भारी बोझ ईंधन की खुदरा कीमतों को ऊंचा बनाए हुए है। इसके बावजूद हालिया कटौती से परिवहन और माल ढुलाई लागत पर कुछ सकारात्मक असर पड़ सकता है।

हर सप्ताह हो रही समीक्षा

पाकिस्तान सरकार पिछले कुछ समय से प्रत्येक शुक्रवार को पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों की समीक्षा कर रही है। सरकार का कहना है कि वैश्विक बाजार की परिस्थितियों को देखते हुए ईंधन दरों में समय-समय पर बदलाव किया जा रहा है। फिलहाल नई कीमतों से आम उपभोक्ताओं को सीमित राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।